- बाढ़ आपदा राहत केंद्रों में पूर्व से मरम्मत, बिजली, पानी, राशन हेतु कार्य योजना बनाने पर दिया गया जोर
- प्रधानमंत्री मुफ्त सूर्य घर योजना के पंजीयन, बस्तर मुन्ने कार्यक्रम, सुशासन तिहार के आवेदनों के समाधान, वृक्षारोपण कार्यक्रम
- सहित अन्य बिंदुओं पर हुई विस्तार से समीक्षा
दंतेवाड़ा (CITY HOT NEWS)//
कलेक्ट्रेट कार्यालय के तृतीय तल सभाकक्ष में कलेक्टर श्री देवेश कुमार की अध्यक्षता में आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आहूत की गई। बैठक में आगामी मानसून वर्ष 2026 के संदर्भ में प्राकृतिक आपदा से बचाव एवं राहत व्यवस्था के कार्ययोजना के संबंध में कलेक्टर द्वारा संबंधित विभागों द्वारा कार्य योजना की जानकारी चाही गई। उन्होंने कहा कि आगामी मानसून को देखते हुए अधिकारी बाढ़ आपदा राहत केंद्रों में पूर्व से ही मरम्मतीकरण बिजली, पानी, राशन हेतु कार्ययोजना बना लेवे ताकि किसी भी परिस्थिति के समय जनजीवन को तात्कालिक राहत पहुंचाया जा सके। इसके साथ ही विद्युत विभाग को विशेष निर्देश दिया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत पावर लाइन के नजदीक के पेड़ों को चिन्हांकित करते हुए छटाई कटाई कार्य को पूर्व से ही कर लेवे। ताकि विद्युत अवरोध की स्थिति न उत्पन्न हो। इसके अलावा नगरीय निकाय क्षेत्रों में रोड किनारे के जर्जर पेड़ों को भी सार्वजनिक सुरक्षा की दृष्टि से पूर्व से ही कटाई कर लेवे ताकि किसी भी प्रकार की परिस्थिति न हों इसके साथ ही उन्होने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि वे वर्षा जनित बीमारियों के रोकथाम के लिए दवाईयों के भण्डारण के साथ-साथ मितानिनों की काउंसलिंग ट्रेनिंग भी करवाए। खाद्य विभाग को निर्देश दिया गया कि वे प्रभावित क्षेत्रों में राशन तथा अन्य दैनिक खाद्य सामग्रियों के वितरण को देखते हुए इसका भण्डारण किया जाना सुनिश्चित कर लेवें। इसके अलावा छात्रावासों और शालाओं में छात्रों के स्वास्थ्य जांच तथा मलेरिया डेंगू से बचाव हेतु पूर्व सावधानियां बरतने के लिए स्कूल शिक्षा एवं आदिम जाति विभाग को निर्देशित किया गया।
इसके साथ ही बैठक में वृक्षारोपण हेतु तैयारियां, सुशासन तिहार के आवेदनों के निराकरण , बस्तर मुन्ने कार्यक्रम की रिपोर्टिंग, स्वच्छ भारत मिशन, एग्रीस्टेक, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री मुफ्त सूर्य घर योजना के पंजीयन, पात्र हितग्राहियों की पहचान, सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई, बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री जयंत नाहटा, अपर कलेक्टर श्री राजेश पात्रे सहित सभी विभाग के विभागीय प्रमुख उपस्थित थे।

