गौरेला पेण्ड्रा मरवाही : विशेष अभियान में 389 गर्भवती महिलाओं की जांच, 118 उच्च जोखिम मामलों की पहचान

 गौरेला पेण्ड्रा मरवाही (CITY HOT NEWS)//

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में विशेष अभियान चलाकर गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, उपचार और परामर्श की व्यवस्था की गई। यह अभियान कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रमेश्वर शर्मा के निर्देशन में आयोजित किया गया। अभियान के तहत जिले में कुल 389 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई, जिनमें से 118 उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें उपचार एवं आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।
      जिला अस्पताल, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य उच्च जोखिम (हाई रिस्क) वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराना रहा। अभियान के दौरान पूर्व में ऑपरेशन से प्रसव, गर्भपात, मृत शिशु जन्म, कम वजन या कम ऊंचाई, कम आयु में गर्भधारण, गंभीर एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह एवं अन्य गंभीर बीमारियों से प्रभावित गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच की गई। 

Chhattisgarh