जांजगीर-चांपा// जांजगीर-चांपा जिला जेल में एक कैदी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला है। मृतक की पहचान कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना इलाके के ग्राम जवाली निवासी दुवास राम केंवट (21) के रूप में हुई है। उसे नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में एक दिन पहले ही जेल भेजा गया था।

घटना मंगलवार सुबह उस समय सामने आई, जब जेल परिसर के बाथरूम की सफाई के लिए कर्मचारी पहुंचे। उन्होंने दुवास राम केंवट को बाथरूम की खिड़की में कपड़े का फंदा बनाकर लटका हुआ देखा। इसकी सूचना तत्काल जेल प्रशासन को दी गई, जिसके बाद कोतवाली पुलिस को जानकारी दी गई।

फंदे से उतारकर पीएम के लिए भेजा शव
सूचना मिलते ही सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस, फॉरेंसिक टीम और साइबर सेल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। शव को फंदे से उतारकर पंचनामा की कार्रवाई की गई और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
एक दिन पहले जेल भेजा गया था
पुलिस के अनुसार, दुवास राम केंवट को बलौदा पुलिस ने एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और अनाचार के मामले में गिरफ्तार किया था। उसे 8 जून को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल भेजा गया था।
घटना की सूचना मृतक के परिजनों को भी दी गई। परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और पंचनामा कार्रवाई के दौरान मौजूद रहे। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

हर एंगल से हो रही जांच
पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
जेल के भीतर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक और साइबर टीम की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

