बिलासपुर// छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कांग्रेस के पूर्व महापौर और उनके बेटे ने बिल्डर पर हमला कर दिया। इस हमले में बिल्डर घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि कॉलोनी के रास्ते को लेकर चल रहे विवाद के चलते बाप-बेटे ने बिल्डर से मारपीट की है।

बिलासपुर में बिल्डर से मारपीट का CCTV वीडियो भी सामने आया है।
घटना के समय कॉलोनी के लोग भी मौजूद थे। पीड़ित अमित शर्मा ने पुलिस को बताया कि, आरोपियों ने उनका पैर खींच कर जमीन पर गिरा दिया। पत्थर से सिर और दाहिने कंधा पर मारा। चश्मा भी तोड़ दिया।
इस घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने पूर्व महापौर राजेश पांडेय और उनके बेटे राहुल पांडेय के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।

कॉलोनी के रास्ते को लेकर हुए विवाद में बिल्डर से मारपीट।

कॉलोनी के लोग हाथ जोड़ कर पूर्व महापौर को अपनी समस्या बता रहे थे।
सोसाइटी की बैठक के बाद हुआ विवाद
शिकायतकर्ता अमित शर्मा के अनुसार, रविवार को मिनोचा कॉलोनी के सोसाइटी की बैठक हुई। जिसमें कॉलोनी के गेट के खराब रास्ते की साफ-सफाई और उसे व्यवस्थित करने को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान कॉलोनी वालों ने मिलकर रास्ते को बारिश से पहले ठीक करने की बात कही।
इसके बाद सभी कॉलोनी के गेट के पास पहुंचे। तभी राजेश पांडेय और राहुल पांडेय भी अपने घर से बाहर आ गए। इस दौरान कुछ लोग मिनोचा कॉलोनी के गेट पर काम कराने का विरोध करने लगे। अपने-अपने रास्ते का इस्तेमाल करने की बात कहने लगे।

पूर्व महापौर राजेश पांडेय पर बिल्डर से मारपीट का आरोप है।
समस्या बताते समय भड़क गए बाप-बेटे
वहीं कॉलोनी के लोग हाथ जोड़ कर पूर्व महापौर को अपनी समस्या बताने लगे। आरोप है कि इस दौरान अचानक राजेश पांडेय और उनका बेटा भड़क गया। उन्होंने कॉलोनी के रहने वाले बिल्डर अमित शर्मा से गाली गलौज की। जिसके बाद रास्ते में लेट कर रास्ता को रोकने का भी प्रयास किया गया।
जान से मारने की धमकी देने का आरोपी
पीड़ित का कहना है कि, मारपीट के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद कॉलोनी के लोग दहशत में है। अमित शर्मा ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने राजेश पांडेय और उनके बेटे राहुल पांडेय के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

