- ग्रामीण प्रतिभावान विद्यार्थियों को उत्कृष्ट निजी आवासीय विद्यालयों में मिलेगा प्रवेश
रायपुर (CITY HOT NEWS)//
मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) अंतर्गत वर्ष 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा 26 जुलाई को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित होगी। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा इस संबंध में प्रदेश के सभी कलेक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के ग्रामीण प्रतिभावान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना, उन्हें प्रतिस्पर्धी बनाना तथा बेहतर कैरियर अवसर प्रदान करना है। योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को राज्य के उत्कृष्ट निजी आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक अध्ययन की सुविधा दी जाएगी, जिसका संपूर्ण शुल्क विभाग द्वारा वहन किया जाएगा।
योजना अंतर्गत केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे। आवेदक का राज्य के किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5वीं में नियमित अध्ययनरत होना आवश्यक है।
इसके अतिरिक्त पालक की वार्षिक आय सभी स्रोतों से 2 लाख 50 हजार रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए। योजना का लाभ केवल ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को मिलेगा। नगरपालिका एवं नगर निगम क्षेत्र के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी इसके लिए पात्र नहीं होंगे।
प्रवेश परीक्षा में विज्ञान, गणित, अंग्रेजी, हिन्दी एवं पर्यावरण विषयों से संबंधित कुल 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक विषय से 20-20 अंक के प्रश्न होंगे तथा परीक्षा की अवधि 120 मिनट निर्धारित की गई है।

