
- संघर्षों से भरे जीवन को मिला सम्मान, सुरक्षा और अपने सपनों का पक्का घर
रायपुर (CITY HOT NEWS)//
हर परिवार का सपना होता है कि उसका अपना एक सुरक्षित और पक्का घर हो, जहां वह सम्मान और सुकून के साथ जीवन बिता सके। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ऐसे ही लाखों जरूरतमंद परिवारों के सपनों को साकार कर रही है। इस योजना ने जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोसला की निवासी श्रीमती सीताबाई पटेल के जीवन में भी नई उम्मीद और खुशियां ला दी हैं।
एक समय था जब सीताबाई अपने परिवार के साथ जर्जर कच्चे मकान में रहने को मजबूर थीं। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकता था, दीवारें कमजोर पड़ जाती थीं और परिवार की सुरक्षा को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे अपने घर की मरम्मत तक नहीं करा पा रही थीं।
वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत सीताबाई को आवास स्वीकृत हुआ और घर निर्माण के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। शासन की इस मदद और अपने परिश्रम से उनका पक्का घर बनकर तैयार हुआ। आज यह घर उनके लिए केवल एक मकान नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास का प्रतीक बन चुका है।
अब सीताबाई अपने परिवार के साथ नए पक्के घर में सुरक्षित और सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर रही हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से प्राप्त गैस कनेक्शन, महतारी वंदन योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता और मनरेगा के माध्यम से रोजगार ने उनके जीवन को और अधिक सुविधाजनक एवं आत्मनिर्भर बनाया है।
श्रीमती सीताबाई पटेल कहती हैं कि यह घर केवल ईंट और सीमेंट से बना ढांचा नहीं, बल्कि उनके संघर्ष, मेहनत और सपनों का साकार रूप है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके परिवार को सुरक्षित भविष्य और सम्मानपूर्ण जीवन की नई राह दी है।

