जशपुर// जशपुर में 15 वर्षीय नाबालिग बालिका से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को मंगलवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। यह मामला बागबहार थाना क्षेत्र का है।

यह घटना 3 मई की रात की है। पीड़िता के पिता ने 5 मई को बागबहार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, रात करीब 8 बजे पड़ोसी गांव के 18 वर्षीय आकाश कुजूर ने नाबालिग को किसी काम के बहाने गांव में मिलने बुलाया था।
जब नाबालिग नहीं गई, तो रात लगभग 9 बजे वह खेत की ओर गई। उसी दौरान आकाश अपने 22 वर्षीय साथी नितेश कुजूर के साथ वहां पहुंच गया।
आरोप है कि दोनों आरोपियों ने नाबालिग को जबरन खींचकर खेत के पास एक सुनसान जगह पर ले जाकर धमकाया और बारी-बारी से दुष्कर्म किया। वारदात के बाद पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और माता-पिता को पूरी घटना बताई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। फरसाबहार थाने में आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 137(2), 65(1), 70(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और उपचार भी कराया गया है।
पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को उनके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद नितेश कुजूर और आकाश कुजूर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि बागबहार क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने दोहराया कि बालिकाओं और महिलाओं से संबंधित अपराधों में पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है और ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

