सुकमा : घर-घर नल से पानी पहुंचाने की योजना का निरीक्षण

  • डोडपाल पहुंचे केंद्रीय सचिव श्री कमल किशोर सोन

सुकमा, (CITY HOT NEWS)//

केंद्र सरकार के अतिरिक्त सचिव एवं राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के मिशन संचालक श्री कमल किशोर सोन ने रविवार को सुकमा जिले के ग्राम डोडपाल पहुंचकर जल जीवन मिशन अंतर्गत निर्मित नल-जल योजना की पानी टंकी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम की सरपंच श्रीमती बिज्जो वेट्टी से मुलाकात कर पेयजल व्यवस्था की स्थिति और पहले ग्रामीणों को होने वाली पानी की परेशानियों की जानकारी ली।
सरपंच श्रीमती वेट्टी ने बताया कि योजना शुरू होने के बाद अब ग्रामीणों को पेयजल के लिए हैंडपंप पर निर्भर नहीं रहना पड़ता, बल्कि घर-घर स्वच्छ पानी की आपूर्ति हो रही है। इससे ग्रामीणों को काफी राहत मिली है और दैनिक जीवन में सुविधा बढ़ी है।
निरीक्षण के दौरान श्री सोन ने योजना के संचालन, जल वितरण प्रणाली तथा पानी की गुणवत्ता जांच प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने वर्षा ऋतु के दौरान नियमित रूप से अधिक जल परीक्षण कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को हर समय सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को पानी की बचत और अनावश्यक जल अपव्यय रोकने के लिए जागरूक किया।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री किरण ने भी ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रधानमंत्री आवास योजना व शौचालय निर्माण जैसी योजनाओं के लाभ की जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा पंचायत भवन निर्माण की मांग रखे जाने पर अधिकारियों ने आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। कलेक्टर ने सुशासन तिहार के अंतर्गत आवेदन प्रस्तुत करने हेतु प्रेरित किया, वहीं एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोटवार को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाना प्रभारी को देने के निर्देश दिए।

Chhattisgarh