
नई दिल्ली// राहुल गांधी ने शुक्रवार को लोकसभा में कहा, ‘यह महिला आरक्षण बिल महिलाओं को कमजोर बनाएगा। यह शर्मनाक कानून है, पुराना कानून लाओ हम समर्थन देंगे। यह सिर्फ भारत के निर्वाचन क्षेत्र के नक्शे को बदलने के लिए है।’
राहुल ने पीएम मोदी का नाम लिए बिना कहा- बालाकोट, नोटबंदी, सिंदूर का जादूगर पकड़ा गया। इस पर एनडीए सांसदों ने विरोध किया। बोले- राहुल प्रधानमंत्री का अपमान कर रहे हैं। इसके बाद स्पीकर ओम बिरला ने उनके विवादित शब्दों को कार्यवाही से हटा दिया।
लोकसभा में महिला आरक्षण को लागू करने के लिए सीटों के परिसीमन से जुड़े तीन संशोधित बिलों पर आज लोकसभा में दूसरे दिन चर्चा जारी है। थोड़ी देर में अमित शाह बोलेंगे, उनकी स्पीच से पहले संसद भवन में बीजेपी की बैठक हुई। बिलों पर आज ही वोटिंग होगी।

राहुल की स्पीच की 4 बड़ी बातें, कहा- जादूगर पकड़ा गया
- सच यह है कि जादूगर पकड़ा गया है: भाजपा जानती है कि यह बिल पास नहीं हो सकता। वे इतने बेवकूफ नहीं है वे जानते हैं। इसीलिए उन्होंने चुनावी नक्शा बदलने के लिए महिला आरक्षण का सहारा लिया। सच यह है कि जादूगर पकड़ा गया है। सिंदूर, नोटबंदी का जादूगर पकड़ा गया है।
- हम आपको चुनावी नक्शा बदलने नहीं देंगे: आप डरते हो कि देश की राजनीति में क्या हो रहा है। आपकी पॉवर कम होती जा रही है। इसलिए चुनावी नक्शा बदलना चाह रहे हो जैसा कि असम में किया, लेकिन हम आपको ऐसा नहीं करने देंगे। पूरा विपक्ष इसे हरा कर रहेगा।
- पीएम ने अमेरिका के साथ दबाव में समझौता किया: अमेरिका के साथ एक ऐसा समझौता किया गया जिस पर देश का कोई भी प्रधानमंत्री किसी भी हाल में दस्तखत नहीं करता। जब तक कि वह किसी दबाव में न हो, कल मैं प्रधानमंत्री को बोलते हुए देख रहा था। उनमें ऊर्जा की कमी लग रही थी, वे अपना मैसेज ठीक से पहुंचा नहीं पा रहे थे। अचानक मेरा ध्यान इस बात पर गया कि कल 16 अप्रैल थी। यही वह संख्या है- 16, इसी में पहेली का जवाब छिपा है।
- दलितों, ओबीसी वर्गों के लिए क्रूरता वाला बिल: भारत के इतिहास में यह सबसे कड़वा सच है। मैं इसके बारे में सब जानता हूं। यह ओबीसी, दलित वर्गों के लिए क्रूरता वाला बिल है। सभी जानते हैं कि ओबीसी, दलित और महिलाओं के साथ क्या होता है। सरकार ओबीसी का अधिकार छीनना चाहती है।

