रायगढ़// छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के प्रेमी ने उसकी 23 वर्षीय बेटी के साथ गलत नीयत से छेड़छाड़ की कोशिश की है। पीड़िता ने जब इसका विरोध किया, तो उसकी मां ने ही उसके साथ मारपीट कर दी। परेशान युवती ने महिला थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।

घटना की सूचना पर महिला थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
पीड़िता ने बताया कि, पिता की मौत के बाद वह अपनी मां के साथ रहती है। इस दौरान सारंगढ़ जिले का रहने वाला राधेश्याम साहू अक्सर उनके घर आता-जाता था। उसका प्रेम संबंध उसकी मां से था।
अकेले पाकर करता था छेड़छाड़
युवती के मुताबिक, नवंबर 2025 से आरोपी उसे घर में अकेला पाकर छेड़छाड़ करता था। उसने इसकी शिकायत अपनी मां से की, लेकिन मां ने बात को नजरअंदाज कर दिया। 2 दिसंबर को भी आरोपी उसके कमरे में घुसकर गलत हरकत करने लगा। इसके बाद भी जब युवती ने मां को बताया, तो उल्टा मां ने उसे ही डांट दिया।
रिपोर्ट की बात पर घर से निकाला
लगातार हो रही हरकतों से परेशान युवती ने 26 दिसंबर को थाना में शिकायत करने की बात कही। इस पर उसकी मां ने उसे घर से निकाल दिया। 27 फरवरी को जब युवती वापस घर लौटी, तो मां ने उसे आरोपी के खिलाफ कुछ भी न बोलने की चेतावनी दी। विरोध करने पर मां ने गाली-गलौज कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
महिला थाने में केस दर्ज
घटना से परेशान होकर युवती ने महिला थाने में मां और उसके प्रेमी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि शिकायत के आधार पर अपराध कायम कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

