रायपुर : पक्की छत के नीचे, सुकून और स्वाभिमान भरी जिंदगी मिली जयनाथ को

 पक्की छत के नीचे, सुकून और स्वाभिमान भरी जिंदगी मिली जयनाथ को
  • प्रधानमंत्री आवास योजना ने बदली जयनाथ की जिंदगी

रायपुर(CITY HOT NEWS)//

प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीब परिवारों को पक्का मकान देकर उनके जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लाया है। इस योजना के तहत सभी पात्र परिवारों को पक्का घर प्रदान करना है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल, बिजली, शौचालय और एलपीजी जैसी बुनियादी सुविधाओं से युक्त पक्का घर मिल रहे हैं।

             जिला सूरजपुर के जनपद पंचायत भैयाथान अंतर्गत ग्राम पंचायत सत्यनगर निवासी श्री जयनाथ के जीवन में अब एक नई सुबह आई है – एक ऐसी सुबह, जो पक्की छत के नीचे, सुकून और स्वाभिमान के साथ शुरू होती है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) लाखों गरीब परिवारों को सिर्फ आशियाना नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और एक बेहतर भविष्य की नींव दे रही है।

              श्री जयनाथ एक साधारण मजदूर हैं, जिनका जीवन वर्षों तक संघर्ष और अभाव की छाया में बीता। कच्चे मकान की टूटी-फूटी दीवारें और छलनी छत उनके परिवार की मुश्किलों की गवाह थीं। बरसात के मौसम में तो हालत और भी विकट हो जाती थी – घर के भीतर पानी भर जाता, सामान भीग जाता और रातें जागते हुए काटनी पड़ती थीं। खुद के लिए एक पक्का घर बनाने का सपना, सपना ही बना रहता था।

शासन की संवेदनशील दृष्टि ने उनके इस दर्द को पहचाना

              प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में श्री जयनाथ को आवास स्वीकृत हुआ। योजना की सहायता से पक्का मकान बनकर तैयार हुआ और वर्षों का वह दर्द, जो हर बरसात में ताजा हो जाता था, अब इतिहास बन चुका है। आज श्री जयनाथ अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं।

                श्री जयनाथ की यह कहानी केवल एक परिवार के जीवन में आए बदलाव की गाथा नहीं है – यह उस विश्वास की कहानी है कि जब नीयत साफ हो और इरादे मजबूत, तो सरकार हर जरूरतमंद के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी होती है।

Chhattisgarh