10 से 15 हथियारबंद बदमाशों ने परिवार के 11 सदस्यों को बंधक बनाकर डेढ़ लाख कैश, जेवर लूटे, जांच जारी

कोरबा// कोरबा के तराईडांड गांव में देर रात एक घर में 10 से 15 हथियारबंद बदमाश घुस गए। उन्होंने परिवार के 11 सदस्यों को बंधक बनाकर डेढ़ लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। यह घटना बालको थाना क्षेत्र की है।

शत्रुघ्न दास का परिवार तराईडांड गांव में रहता है। वह घर पर एक राशन दुकान का संचालन करते हैं और खेती-किसानी भी करते हैं। आर्थिक रूप से संपन्न होने के कारण उन्हें गांव का एक बड़ा किसान माना जाता है।

शत्रुघ्न दास के परिवार में बेटा, बहू और भाई समेत कुल 11 सदस्य हैं। रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद सभी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। देर रात लगभग 1 बजे, 10 से 15 बदमाश घर के पिछले हिस्से की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। उनके पास धारदार हथियार थे।

परिवार के 11 सदस्यों को बांधकर की लूटपाट

बदमाशों ने शत्रुघ्न दास और परिवार के अन्य सदस्यों को हथियारों के बल पर डराया और आवाज देने या किसी तरह की हरकत करने पर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने सभी 11 सदस्यों को रस्सियों से बांध दिया। इसके बाद, घर में रखे लगभग डेढ़ लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।

रात करीब 3 बजे परिवार के सदस्यों ने किसी तरह एक-दूसरे की मदद से रस्सियां खोलीं और गांव वालों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।

पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की

सुबह होने पर पीड़ित परिवार ने बालको थाना पुलिस को शिकायत दी। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर कोरबा सीएसपी भूषण एक्का मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। उन्होंने शत्रुघ्न दास और उनके परिजनों के बयान दर्ज किए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि मकान मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।

Chhattisgarh