धमतरी// धमतरी जिले में मां-बहन की गाली देने पर 3 दोस्तों ने मिलकर अपने एक साथी का मर्डर कर दिया। ग्राम करगा-चटौद में 22 अक्टूबर की रात सभी दोस्त शराब पीने बैठे थे। तभी नशे में गाली गलौज से झगड़े की शुरुआत हुई। गुस्से में दोस्तों ने मिलकर मनीष कुमार (26 साल) का सिर पत्थर से कुचल दिया। जिससे उसकी जान चली गई।

मामला बिरेझर चौकी क्षेत्र का है। आरोपियों ने पहले मनीष का गला गमछे से बांधकर पुल के नीचे फेंका था। दोस्तों ने देखा कि वह जीवित है तो फिर पत्थर से सिर पर इतना मारा की उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक का मोबाइल और बाइक वहीं फेंककर सभी आरोपी भाग गए थे। दरअसल गाली देने के बाद आरोपी ने मनमुटाव रखा था। जिसके बाद उसने जान ली।
ये है पूरा घटनाक्रम
दरअसल, 22 अक्टूबर को ग्राम करगा-चटौद पुल के नीचे एक युवक का शव मोटरसाइकिल सहित मृत अवस्था में मिला था। मृतक की पहचान ग्राम करगा निवासी मनीष कुमार मिथलेश (26 साल) के रूप में हुई थी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और मुख्य आरोपी होमेश कुमार साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि 21 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे वह अपने दोस्त चाहत यादव के साथ मृतक मनीष को शराब पिलाने के लिए चटौद-करगा नाला पुल के पास ले गया था।
शराब पीने के दौरान मृतक द्वारा गाली-गलौज करने पर विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपी होमेश साहू ने मृतक की आंख और गले में गमछा बांधकर दबाया और उसके सिर पर कई बार प्रहार किया।

शव के पास ही उसकी बाइक भी फेंक दी थी।
पुल के नीचे फेंका, पत्थर से मारे
होमेश साहू और चाहत यादव ने मिलकर मनीष को पुल से नीचे फेंक दिया। जब होमेश ने देखा कि मनीष अभी भी जीवित है, तो वह नीचे गया और पत्थरों से उसके सिर और चेहरे पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की। होमेश ने मृतक की मोटरसाइकिल और चाबी को पुल के नीचे फेंक दिया। उसने अपने खून लगे कपड़े और गमछे को छिपाया तथा मृतक का मोबाइल झाड़ी में फेंक दिया।
अगले दिन, आरोपी ने अपने रिश्तेदार मनीष कुमार साहू को घटना की जानकारी दी और उसे खून लगे गमछे व मोबाइल को जलाने के लिए कहा।
सभी आरोपी गिरफ्तार
- आरोपी होमेश कुमार साहू (19 वर्ष), मुख्य आरोपी, जिसने सिर पत्थर से कुचला।
- चाहत यादव (19 वर्ष) जिन्होंने गमछे से गला जबाया।
- मनीष कुमार साहू (21 वर्ष) गला दबाने में इसने भी साथ दिया।
ये सभी ग्राम करगा मठ, चौकी बिरेझर, थाना कुरूद, जिला धमतरी के रहने वाले हैं। घटना में प्रयुक्त कपड़े, गमछा और अधजला मोबाइल सहित अन्य संबंधित सामग्री बरामद कर जब्त कर ली गई है।

आरोपियों ने सबूत मिटाने की भी कोशिश की थी।
गाली दी थी, इसलिए मनमुटाव था
एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया की जांच में यह तथ्य सामने आया कि मृतक मनीष कुमार मिथलेश पूर्व में जब रायपुर से वापस गांव आया था, तब उसने आरोपी होमेश कुमार साहू के साथ झगड़ा करते हुए गाली-गलौज किया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच मनमुटाव चल रहा था।
21 अक्टूबर की रात जब मृतक पुनः पुल के पास मिला,तब फिर से झगड़ा एवं गाली-गलौज हुई। उसी दौरान होमेश ने अवसर देखकर मृतक की हत्या कर दी।
साइबर और एफएसएल टीम की संयुक्त जांच से इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाई गई, जिसमें तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने हत्या के बाद सबूत नष्ट करने की भी कोशिश की थी।

