दुर्ग-भिलाई// दुर्ग जिले के भिलाई में कुछ आदतन बदमाशों ने बीच सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेट किया। बदमाशों ने सड़क पर फॉर्च्यूनर कार खड़ी कर तेज म्यूजिक बजाया, ‘बॉस’ लिखा हुआ केक काटा, फिर जमकर आतिशबाजी की।

भिलाई में सड़क पर बदमाशों की बर्थडे पार्टी, 4 गिरफ्तार
बदमाशों ने सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन का वीडियो भी बनाया, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामला दुर्ग के वैशाली नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

भिलाई में बीच सड़क पर कार खड़ी कर बदमाशों ने केक काटा, आतिशबाजी की।
देर रात सड़क पर गाड़ी खड़ी कर बर्थडे सेलिब्रेशन
घटना 13 अक्टूबर की करीब 12.30 बजे की है। सफेद रंग की फॉर्च्यूनर (CG-12 AQ 3600) में सवार युवक – शुभम यादव, नीरज नेपाली, सत्यम यादव, जितेश यादव और रवि यादव वैशाली नगर क्षेत्र के कैम्प-1 पहुंचे।
यहां इन्होंने सड़क के बीचो-बीच गाड़ी खड़ी कर दी, जिससे रोड ब्लॉक हो गया। इसके बाद उन्होंने म्यूजिक सिस्टम ऑन किया और तेज आवाज में गाने बजाते हुए केक काटना शुरू किया।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि केक पर ‘बॉस’ लिखा हुआ था और सभी युवक खुलेआम सड़क पर मस्ती कर रहे थे। यह वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई। पुलिस के मुताबिक, शुभम यादव का बर्थडे था। चारों निगरानी बदमाश है। कार किसकी है ये पता लगाया जा रहा है।
सोशल मीडिया से सूचना मिलने पर पुलिस ने लिया एक्शन
वीडियो के वायरल होते ही दुर्ग पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। थाना वैशाली नगर में मामला दर्ज किया गया। आरोपियों पर धारा 126(2), 190 और 3(5) भा.द.वि. के अंतर्गत केस दर्ज किया गया।
इसके बाद पुलिस ने तुरंत दबिश देकर चार मुख्य आरोपियों शुभम यादव (32 वर्ष), सोहन मेश्राम (35 वर्ष), रवि प्रसाद (26 वर्ष), नीरज कुमार सिंह (28 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

बदमाशों ने देर रात बीच सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन करने के बाद आतिशबाजी भी की।
पहले से आपराधिक रिकॉर्ड, अब भेजे गए जेल
थाना प्रभारी और पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि सभी आरोपी आदतन बदमाश हैं और इनके खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में सभी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस ने इनके खिलाफ BNS की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की सख्त चेतावनी- कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
इस पूरे मामले को लेकर दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में इस तरह से सार्वजनिक जगहों पर कानून व्यवस्था भंग करने, सड़क जाम करने और दबंगई दिखाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस तरह नियम तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति पर तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

