कोरबा// छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रिटायर्ड SECL कर्मी के घर से 13 लाख की चोरी हुई है। 3 अज्ञात चोर धारदार हथियार से ताला तोड़कर घर में घुसे। पहले उन्होंने लाइट बंद किया, फिर उनमें से एक युवक ने अपनी शर्ट उतारी और घर के बाहर लगे CCTV कैमरे को कपड़े से ढक दिया।

कोरबा जिले में रिटायर्ड SECL कर्मी के घर से 13 लाख की चोरी हुई है। वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई।
मामला मानिकपुरी चौकी क्षेत्र का है। ये पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई। कैमरे को ढकने के बाद चोरों ने अलमारी में रखे गहने-पैसे चुरा लिए। घटना के समय रिटायर्ड कर्मी बच्चों के पास पुणे गए हुए थे। घटना के 22 दिन बाद भी चोर पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
इसके अलावा जिले में क्राइम की 2 और घटनाएं सामने आई। मोबाइल दुकान में भी चोरी हुई है। वहीं, नवरात्रि पर्व पर पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से हमला कर मारपीट की गई।
पहले देखिए ये तस्वीरें-

3 चोर ताला तोड़कर घर के अंदर घुसते हुए दिखाई दिए।

आरोपियों में से एक युवक ने अपनी शर्ट उतारी।

चोर ने शर्ट से सीसीटीवी कैमरे को ढक दिया।
पहली घटना- घर से 13 लाख की चोरी
घटना 7 सितंबर की रात मानिकपुर चौकी क्षेत्र के साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) डीएवी स्कूल के सामने क्वार्टर नंबर सी-54 में हुई। यहां सेवानिवृत्त कर्मी रमाकांत शर्मा के घर का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे। उन्होंने अलमारी तोड़कर लगभग 3 लाख रुपए नकद और 10 लाख रुपए से ज्यादा के सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए।
रमाकांत शर्मा मानिकपुर खदान में फिटर के पद पर कार्यरत थे और 2 महीने पहले ही सेवानिवृत्त हुए थे। घटना के समय वे अपनी पत्नी के साथ पुणे में बच्चों से मिलने गए हुए थे। चोरों की यह पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
मकान मालिक रमाकांत शर्मा ने बताया कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अब तक चोरों को गिरफ्तार नहीं किया है। उन्होंने मानिकपुर चौकी पुलिस के साथ-साथ कोरबा एसपी और कोरबा सीएसपी से भी इस संबंध में शिकायत की है।
इस मामले में मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।

मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर 50 हजार की चोरी हुई है।
दूसरी घटना- मोबाइल दुकान में 50 हजार की चोरी
वहीं, दूसरी घटना सोमवार (29 सितंबर) रात घंटाघर क्षेत्र की एक मोबाइल दुकान में सामने आई। चोरों ने दुकान के पिछले दरवाजे और सेंट्रल लॉक को तोड़कर एक लैपटॉप, 2 पुराने मोबाइल और अन्य एक्सेसरीज चुरा लीं।
दुकान संचालक लखन पटेल को अगली सुबह आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी दी। लखन के अनुसार, इस घटना में लगभग 50 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है।

