रायगढ़// छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक पुलिसकर्मी के साथ बदसलूकी का वीडियो सामने आया है। वीडियो में कुछ सब्जी व्यापारी एक वर्दीधारी आरक्षक से बहस करते नजर आ रहे हैं, इस दौरान एक व्यापारी ने पुलिसकर्मी का कॉलर भी पकड़ लिया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, आरक्षक लव कुमार साय (41) घरघोड़ा थाना में पदस्थ है। शुक्रवार को रायगढ़ मीटिंग में शामिल होने आया था। मीटिंग के बाद वह संजय कॉम्प्लेक्स स्थित मंडी में सब्जी लेने गया था।
इसी दौरान वहां मौजूद कुछ महिला और पुरुष सब्जी व्यापारियों ने उससे विवाद शुरू कर दिया। बहस के बीच एक व्यापारी ने उसकी वर्दी का कॉलर पकड़ लिया और धक्का-मुक्की करने लगा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो की जांच के बाद पुलिस ने पाया कि आरोपी का नाम बबलू पटेल है। मामले की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने बबलू पटेल के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिसकर्मी के साथ झूमा-झटकी करते हुए सब्जी व्यापारी
रुपए लेन-देन के विवाद की आशंका बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत सब्जी के पैसों को लेकर हुई। पुलिसकर्मी ने 50 रुपए की सब्जी खरीदी थी और महिला सब्जी दुकानदार को पैसे दिए। लेकिन महिला ने रुपए मिलने से इनकार कर दिया। इसे लेकर पुलिसकर्मी और महिला सब्जी दुकानदार के बीच बहस शुरू हो गई।
इसी दौरान बबलू पटेल वहां पहुंचा और दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। बबलू ने पुलिसकर्मी से झूमाझटकी की और उसकी वर्दी का कॉलर पकड़ लिया। इसके बाद पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिस पर अब पुलिस ने कार्रवाई की है।

सब्जी मंडी में रुपए लेन-देन की बात पर विवाद किए जाने की आशंका
अपराध दर्ज कर जांच कर रहे इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम ने जानकारी दी कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने सब्जी व्यापारी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


