10 सूत्रीय मांगों को लेकर NHM कर्मियों का प्रदर्शन जारी… संविदा कुप्रथा के विरोध में किया पुतला दहन…नोटिस की प्रतियां जलाई…

10 सूत्रीय मांगों को लेकर NHM कर्मियों का प्रदर्शन जारी… संविदा कुप्रथा के विरोध में किया पुतला दहन…नोटिस की प्रतियां जलाई…

कोरबा।। छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ की कोरबा इकाई ने आज संविदा कुप्रथा और राज्य शासन की दमनकारी नीतियों के खिलाफ़ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

जिला मुख्यालय स्थित धरना स्थल पर कर्मचारियों ने संविदा व्यवस्था का पुतला फूँका। इसके साथ ही उच्च कार्यालय से हाल ही में प्राप्त अनुशासनात्मक कार्रवाई के नोटिस की प्रतियां भी जलाकर कर्मचारियों ने अपना आक्रोश व्यक्त किया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार चाहे कितनी भी कठोर कार्रवाई कर ले, इस बार आंदोलन केवल आश्वासन पर नहीं रुकेगा। कर्मचारियों ने साफ कहा कि अब केवल आदेश चाहिए, आधे-अधूरे वादे स्वीकार्य नहीं होंगे। संघ ने इस संघर्ष को “आर-पार की लड़ाई” करार देते हुए चेतावनी दी कि जब तक उनकी माँगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

धरना स्थल पर छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अमित मिरी अपनी टीम सहित विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कोरबा ज़िले की हड़ताल की अब तक की गतिविधियों की जानकारी ली और आंदोलनकारियों का मनोबल बढ़ाया। इस अवसर पर कोरबा इकाई ने यह भरोसा दिलाया कि जिले के सभी कर्मचारी अपनी प्रांतीय टीम के साथ कंधे से कंधा मिलाकर इस संघर्ष को अंजाम तक पहुँचाएँगे।

कर्मचारियों का कहना है कि संविदा व्यवस्था स्वास्थ्य सेवाओं को अस्थिर और असुरक्षित बनाती है। वर्षों से सेवाएं देने के बावजूद उन्हें नियमितीकरण और स्थायी सुरक्षा नहीं दी जा रही। यही कारण है कि अब आंदोलन और तेज़ करने की रणनीति तैयार की जा रही है।

Chhattisgarh