साइबर सेल के हेडकांस्टेबल ने सट्‌टा खिलाने के नाम पर धमकी देकर स्कूल के वाहन चालक से मांगे 20 हजार…परेशान ड्राइवर ने एसएसपी से की मामले की शिकायत

स्कूल के वाहन चालक ने एसएसपी से की शिकायत। - Dainik Bhaskar

स्कूल के वाहन चालक ने एसएसपी से की शिकायत।

बिलासपुर//बिलासपुर में एसएसपी रजनेश सिंह की सख्ती के बाद भी पुलिसकर्मी अवैध वसूली करने से बाज नहीं आ रहे हैं। इस बार साइबर सेल के हेडकांस्टेबल ने सट्‌टा खिलाने के नाम पर धमकी देकर स्कूल के वाहन चालक से 20 हजार रुपए की मांग की। परेशान ड्राइवर ने मामले की शिकायत एसएसपी से की है। साथ ही कहा है कि पुलिसकर्मी फर्जी सिम नंबर के जरिए फोन कर धमकी दे रहे हैं।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सौरभ पवार (31) पिता स्व. संजय पवार पेशे से ड्राइवर है। वो सेंट फ्रांसीस स्कूल में बच्चों को घर लाने-ले जाने का काम करता है। सोमवार को उसके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने अपना नाम प्रधान आरक्षक आसिफ पारिख बताया। साथ ही कहा कि तुम्हारे खिलाफ सट्‌टा खिलाने से संबंधित प्रकरण दर्ज है, तुम तत्काल साइबर सेल में आकर मुझसे मिलो। इस दौरान उसे 20-25 हजार रुपए की मांग कर धमकी भी दी गई।

पैसे नहीं देने पर सट्‌टा केस में फंसाने की दी धमकी सौरभ पवार ने बताया कि सायबर सेल नहीं आने और पैसे नहीं देने पर उसे सट्टा खिलाने के केस में फंसाने की धमकी भी दी जा रही है। उसने अपनी शिकायत में बताया कि इस फोन काल्स से वो और उसका परिवार भयभीत है। वह स्कूल से बच्चों को लाने-ले जाने का काम भी नहीं कर पा रहा है। उसने अपनी आर्थिक तंगी की बात कही। लेकिन, हेडकांस्टेबल उसकी बातों को सुनने के लिए तैयार नहीं था।

एसएसपी की सख्ती, अवैध वसूली का नया तरीका एसएसपी रजनेश सिंह ने सभी थानेदारों के साथ ही पुलिस अफसरों को सख्त हिदायत दी है। साथ ही यह भी चेतावनी दी है कि किसी भी तरह से फरियादी या अपराधियों से अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि एसएसपी की सख्ती के बाद से साइबर सेल की टीम ने अवैध वसूली करने के लिए नया तरीका अपनाया है। टीम के सदस्य अपने मोबाइल नंबर के बजाए फर्जी सिम का उपयोग कर इस तरह से अवैध वसूली कर रहे हैं। शिकायतकर्ता ड्राइवर ने अपने मोबाइल पर आए सिम नंबर की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है।

अवैध वसूली का तरीका भी बदला बताया जा रहा है कि साइबर सेल की टीम और सट्‌टेबाजों का पुराना गठजोड़ है, जो अभी भी चल रहा है। लेकिन, एसएसपी की सख्ती के बाद अब अवैध वसूली का तरीका बदल गया है। पुलिसकर्मी अफसरों की बेगारी कराने के नाम पर पैसों की उगाही कर रहे हैं, तो कभी टीम के बाहर जाने के नाम पर पैसे वसूल रहे हैं। इस बहाने अपने खुद की जेबें भी भर रहे हैं।

Chhattisgarh