युवक ने पहले तो शादी का वादा करके युवती के साथ बनाए शारीरिक संबंध और फिर दूसरी लड़की से चोरी-छिपे कर ली शादी…शादी के सात दिन बाद ही युवक गिरफ्तार…

कोरबा// कोरबा में एक युवक ने एक युवती को शादी का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और फिर दूसरी लड़की से चोरी-छिपे शादी कर ली। युवती को जैसे ही युवक की शादी की जानकारी मिली तो उसने पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी की शादी के सात दिन बाद ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह मामला सीएसईबी पुलिस चौकी का है। जानकारी के अनुसार, आरोपी भोजराम पटेल जांजगीर-चांपा जिले के पोड़ी शंकर रीमाडीह का निवासी है। आरोपी पिता के दोस्त के घर आना जाना करता था और वहां उनकी बेटी से मुलाकात करता था। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई। इस नजदीकी का फायदा उठाकर आरोपी ने युवती को शादी के झूठे वादों में फंसा लिया। लेकिन घर वालों को इस बात की भनक तक नहीं थी।
शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए
इस बीच, आरोपी भोजराम ने वर्ष 2022 से 2023 के बीच उसे शादी का झांसा दिया और इस दौरान कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
जब शादी की बात आई तो आरोपी बहानेबाज़ी करने लगा। इसी बीच, उसने दूसरी लड़की से गुपचुप तरीके से शादी कर ली। इस शादी को हुए अभी एक सप्ताह ही बीता था कि पीड़ित युवती को इसकी जानकारी मिल गई। इसके बाद उसने 16 मई 2025 को पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज
सीएसईबी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक प्रमोद कुमार चंद्राकर ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर तुरंत FIR दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इसके बाद थाना प्रभारी सिविल लाइन रामपुर और चौकी प्रभारी सीएसईबी ने आरोपी की तलाश की और उसे गृहग्राम से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी भोजराम के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (2)(n) के तहत मामला दर्ज किया है।
शादी के कुछ दिन बाद ही गिरफ्तारी से घरवाले घबराए
गिरफ्तारी के समय आरोपी के घर में दहशत का माहौल था। जानकारी के अनुसार, जब पुलिस पहुंची तो परिवार के लोग घबराए हुए थे, क्योंकि शादी को अभी कुछ ही दिन हुए थे और दुल्हन के हाथ से मेहंदी भी पूरी तरह नहीं छूटी थी। आरोपी की करतूत सामने आने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया।