जंगल में बेहोशी की हालत में मिली युवती, शादी की बात को लेकर विवाद होने पर प्रेमी ने दुपट्टे से घोंटा गला…मृत समझकर पत्थरों के नीचे दबाया…पिकनिक मनाने आए लोगों ने बचाई जान…

कवर्धा// छत्तीसगढ़ के कवर्धा में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। बंदौरा जंगल में 22 साल की युवती बेहोशी की हालत में मिली। पूछताछ में पता चला कि, शादी बात को लेकर विवाद होने पर प्रेमी ने दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया। घटना कुकदूर थाना इलाके की है।
इसके बाद बेहोश होने पर मृत समझकर पत्थरों के नीचे दबा दिया। एक दिन बाद पिकनिक मनाने आए लोगों ने उसकी जान बचाई। इसके बाद लड़की के साथ गैंगरेप की अफवाह भी उड़ गई, लेकिन जांच में यह फर्जी निकली। अब पुलिस ने उसके प्रेमी रवि मरकाम (20 साल) और साथी अजीत मरकाम (21 साल) को गिरफ्तार कर लिया है।

पिकनिक मनाने आए लोगों ने युवती की जान बचाई।
जानिए क्या है पूरा मामला?
पुलिस जांच में पता चला कि, युवती अपने मामा के घर विचारपुर में शादी में आई थी। उसकी मुलाकात प्रेमी रवि से हुई। गुरुवार को वो रवि मरकाम और उसके दोस्त अजीत मरकाम के साथ बंदौरा जंगल घूमने निकली थी। जंगल में शादी को लेकर दोनों में विवाद हो गया।
गुस्से में आकर रवि ने दुपट्टे से युवती का गला घोंट दिया। बेहोश होने के बाद दोनों आरोपियों ने उसे मृत समझकर गुफानुमा जगह पर पत्थरों से दबा दिया और भाग गए। इसी बीच शुक्रवार को पिकनिक मनाने आए लोगों ने युवती की कराहने की आवाज सुनी और पुलिस को सूचना दी।

लड़की का प्रेमी रवि, जिसने उसे मारने की कोशिश की।
प्रेमी और दोस्त गिरफ्तार
पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और युवती को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर चोट आने के चलते उसे रायपुर रेफर कर दिया गया है। वहीं, पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने रवि मरकाम और अजीत मरकाम के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।

रवि का दोस्त अजीत मरकाम, जिसने उसकी मदद की।
सामूहिक दुष्कर्म की घटना की पुष्टि नहीं हुई- एएसपी
कबीरधाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि, मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की गई है। सामूहिक दुष्कर्म की घटना की पुष्टि नहीं हुई है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।