फूड पॉइजनिंग से 8 साल की बच्ची की मौत:कोंडागांव में चिकन-मटन खाने से 4 बच्चों समेत 15 बीमार; मंत्री केदार कश्यप पहुंचे अस्पताल

Last Updated on 21 hours by City Hot News | Published: February 14, 2025

छठी कार्यक्रम में चिकन-मटन खाने से 4 बच्चों समेत 15 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार, 8 साल की बच्ची की मौत…

कोंडागांव// कोंडागांव में 4 बच्चों समेत 15 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए हैं। वहीं 8 साल की बच्ची की मौत भी हो गई। बुधवार को छठी कार्यक्रम में चिकन-मटन खाने से 15 लोग बीमार हुए थे, जो अस्पताल में भर्ती है। आश्रम में पढ़ने वाली कक्षा दूसरी की छात्रा जयंती कोर्राम भी फूड पॉइजनिंग की शिकार हुई थी।

बच्ची को अस्पताल ले जाने के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना मर्दापाल थाना इलाके के हंगवा गांव की है। गंभीरता को देखते हुए मंत्री केदार कश्यप भी अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने पीड़ितों का हालचाल जाना, साथ ही उन्होंने डॉक्टरों और अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए।

छात्रा जयंती कोर्राम की मौत हुई है।

छात्रा जयंती कोर्राम की मौत हुई है।

डॉक्टर बोले- हो रहा सुधार

सिविल सर्जन डॉ. आर.सी. ठाकुर के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है। विशेष रूप से अंतू राम, जिनकी स्थिति अधिक गंभीर थी, उनके स्वास्थ्य में भी सकारात्मक बदलाव देखा जा रहा है। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि मरीजों को पूरी स्वस्थ होने के बाद ही अस्पताल से छुट्टी दी जाएगी।

प्रभावित परिवारों से मिली स्वास्थ्य विभाग की टीम

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चला रही हैं। उन्होंने खुद हंगवा का दौरा किया और प्रभावित परिवारों की जांच की। विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन सभी लोगों की जांच कर रही हैं जिन्होंने उस कार्यक्रम में भोजन किया था।

ये है पूरी घटना

बुधवार को हंगवा गांव में तुलाराम कोर्राम ने अपनी बेटी का छठी कार्यक्रम रखा था जहां चिकन-मटन खाने के बाद गांव के 15 लोग बीमार हो गए थे। इनमें बच्चे-बूढ़े सभी शामिल थे। पेट दर्द और दस्त की शिकायत के बाद सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

बताया जा रहा है बच्ची जयंती कोर्राम (8) हंगवा आश्रम की कक्षा दूसरी की छात्रा थी। जिसे जगदलपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वहीं भर्ती मरीजों में सविता, तुमेश्वरी मांडवी, दीपिका (13 साल), पंचू, अनिल कुमार, सविता मांडवी (11 साल), अन्तु कोर्राम, राजनयी, सारिका कोर्राम (14 साल), हर्षिता कोर्राम, सुमति कोर्राम, पूजा कोर्राम, असमन कोर्राम, सोनई कोर्राम और असिका कोर्राम (17 साल) शामिल हैं।

गांव में लगेगा जागरूकता कैंप

स्वास्थ्य विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कैंप लगा रहा है और उस कार्यक्रम में भोजन करने वाले अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच कर रही है और वर्तमान में सभी की स्थिति सामान्य पाई गई है।