दोस्तों के साथ मिलकर पत्नी ने पति से गाली-गलौज करते हुए की मारपीट…जुर्म दर्ज…
Last Updated on 3 hours by City Hot News | Published: February 13, 2025
![जूटमिल पुलिस ने पीड़ित की पत्नी समेत 3 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। - Dainik Bhaskar](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2025/02/13/jutmil-thana1_1739434024.jpg)
जूटमिल पुलिस ने पीड़ित की पत्नी समेत 3 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
रायगढ़।। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पत्नी ने दोस्तों के साथ मिलकर पति की पिटाई कर दी। साथ ही गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। घटना जूटमिल थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक जितेन्द्र शर्मा (28) रोजी मजदूरी का काम करता है। साल 2017 में जितेन्द्र की शादी सामाजिक रीति रिवाज से नेहा शर्मा के साथ हुई थी।
शादी की शुरुआत में दोनों के बीच सब कुछ ठीक था। इससे उनके दो बच्चे भी हैं, लेकिन बाद में छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होने लगा। लगातार पति-पत्नी के बीच आपसी झगड़ा को देखते हुए जितेन्द्र ने नेहा शर्मा से तलाक लेने के लिए परिवार न्यायालय में आवेदन लगाया है। जहां मामला विचाराधीन है।
बुधवार की दोपहर को नेहा शर्मा अपने रेलवे बंगला पारा में रहने वाले दोस्त निलेश साहू और एक अन्य युवक के साथ जितेन्द्र के घर चली गई। तब जितेन्द्र ने न्यायालय का फैसला होने के बाद घर आने की बात कही।
![घटना के बाद घायल ने जूटमिल थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2025/02/13/jutmil-thana_1739433975.jpg)
घटना के बाद घायल ने जूटमिल थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
3 लोगों ने मिलकर पीटा
इससे उसकी पत्नी नेहा नाराज हो गई और घर के सामने अपने दोनों दोस्तों के साथ मिलकर उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। जब जितेन्द्र ने गाली देने से मना किया, तो नेहा, निलेश और उनके एक अन्य साथी ने लात-घुसों से उसकी पिटाई शुरू कर दी।
लोहे के सामान से सिर पर मारा
इसी दौरान निलेश ने अपने हाथ में रखे कुछ लोहे के सामान से उसके सिर पर मार दिया। इससे उसके सिर पर चोट पहुंचने से खून भी निकलने लगा। मारपीट की घटना से जितेन्द्र के सिर, कान के साथ ही शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट पहुंची।
आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज
वहीं घटना को अंजाम देकर नेहा और उसके दोस्त वहां से चले गए। जिसके बाद जितेन्द्र तत्काल जूटमिल थाना पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। जहां पुलिस आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2)- BNS, 296- BNS, 3(5)- BNS, 351(2)- BNS के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।