विधवा महिला की खून से लथपथ मिली लाश…मकान निर्माण कार्य मे मजदूरी करने आई थी.. चेहरे पर मिले चोट के निशान, हत्या की आशंका..

Last Updated on 2 hours by City Hot News | Published: February 12, 2025

कोरबा// कोरबा जिले के ग्राम लैंगी में एक विधवा महिला की खून से लथपथ लाश मिली है। मृतका कंचन बाई (45) पिछले 1 महीने से मकान निर्माण का काम कर रही थी, सोमवार सुबह उसी मकान में शव मिला है। पसान थाना क्षेत्र का मामला है, ग्रामीणों ने बताया कि महिला अपने बड़े भाई के साले अर्जुन के साथ यहां आई थी, तब से वो गायब थी।

शव के चेहरे में चोट के निशान भी मिले हैं, पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। ग्राम लैंगी निवासी धिरन धनुहार (60) के यहां मकान बन रहा है, कई मजदूर पिछले 1 महीने से घर बनाने में जुटे थे, जिस दिन महिला की लाश मिली, उस दिन काम पर कोई नहीं आया था। वहीं घटना के दिन से अर्जुन फरार है।

ग्रामीणों ने देखी लाश

घटना वाले दिन मकान मालिक धिरन अपने परिवार के साथ रविवार को कहीं चला गया था और कंचन बाई अकेली घर में सो रही थी। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने धिरन के घर में कंचन बाई की खून से लथपथ लाश देखी।

मजदूरी करके जीवनयापन करती थी महिला

मृतका कंचन बाई अगरिया कोटमर्रा की रहने वाली थी। वह घर में अकेली रहती थी उसके पति की मौत हो गई थी और बच्चे नहीं है। मजदूरी करके जीवनयापन करती थी, काम के सिलसिले में ही महिला लैंगी गांव गई थी, वहां रहकर मकान निर्माण का काम कर रही थी।

कंचन बाई की खून से लतपथ लाश मिली।

कंचन बाई की खून से लतपथ लाश मिली।

फॉरेंसिक टीम कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. सत्यजीत कोसरिया और वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. राजश्री की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

आंख के पास गंभीर चोट के निशान

जांच में मृतका के आंख के पास गंभीर चोट के निशान मिले, जिससे खून बह रहा था। थाना प्रभारी श्रवण कुमार विश्वकर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की जांच कर रही है।

हत्या की आशंका

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के असल कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।

बड़े भाई के साले पर शक

ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी कि महिला के बड़े भाई का साला अर्जुन राजमिस्त्री है, महिला 8 फरवरी को अर्जुन के साथ काम करने लैंगी आई थी, जहां दोनों एक ही स्थान पर ठहरे हुए थे। घटना के बाद से वो फरार चल रहा है।