पिता और बेटी को ट्रेलर ने कुचला, मौके पर ही दोनों की हुई मौत…
जांजगीर-चांपा जांजगीर चांपा में पिता और बेटी को ट्रेलर ने कुचल दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार 3 लोगों टक्कर मार दी। 50 मीटर तक घसीटता रहा। हादसे में पिता और बेटी की मौत हो गई। वहीं बाइक चालक की पत्नी दूर जाकर गिरी, जिससे उसकी जान बच गई। मामला अकलतरा थाना क्षेत्र के अमरताल का है।
मिली जानकारी के मुताबिक मृतकों में सुकली निवासी केशव राठौर (42) और बेटी पूर्णिमा राठौर (13) शामिल है। वहीं पत्नी गंभीर रूप से घायल है। केशव राठौर बेटी और पत्नी को अपने ससुराल नारियरा गांव लेकर जा रहा था, तभी हादसे का शिकार हो गए।

टक्कर के दौरान मृतक की पत्नी दूर जा गिरी, जिससे उसकी जान बच गई।
हादसे के बाद ड्राइवर फरार हो गया
बताया जा रहा है कि हादसा रविवार सुबह 11 बजे अमरताल के पास हुआ है। घटना के बाद आरोपी ड्राइवर फरार हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर चक्काजाम कर दिया। हादसा इतना भीषण था कि पिता-पुत्री दोनों के शव सड़क पर बिखरे मिले।

हादसे के बाद पिता और बेटी के शव सड़क में बिखरे मिले।
मुआवजा मिलने के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया
चक्काजाम और हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। तहसीलदार और पुलिस टीम ने लोगों को समझाया और मृतकों के परिजनों को 50 हजार रुपए की मुआवजा राशि दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया।
दोनों शव को सड़क से उठाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। वहीं ट्रेलर चालक को तारोद के पास से पकड़ा गया है, जिसे पुलिस अकलतरा थाने लेकर पहुंची है। हिट एंड रन केस में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कांकेर में भी स्कॉर्पियो और बाइक के बीच टक्कर हो गई। हादसे में 2 लोगों की हालत गंभीर है।
कांकेर में भी सड़क हादसा, 2 की हालत गंभीर
कांकेर जिले के आतुरगांव के पास स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल की टक्कर में 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में लखनपुरी से घोड़ागांव जा रहे कोंडागांव निवासी प्रेम भारद्वाज और चीकू भारद्वाज के पैरों में गंभीर चोटें आईं।
स्कॉर्पियो के चालक की लापरवाही से बाइक को टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संजीवनी 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों घायलों का इलाज जारी है।