छत्तीसगढ़: खेलते-खेलते क्रेन के पहिए के नीचे आया डेढ़ साल का बच्चा..मौके पर मौत…

बिलासपुर// बिलासपुर में खेलते-खेलते डेढ़ साल का बालक क्रेन के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खेलते-खेलते क्रेन के पीछे चला गया बालक।
दयालबंद में केसरी पाइप फैक्ट्री है, जहां मजदूर अपने परिवार के साथ रहते हैं। परिसर में ही पाइप का काम भी चलता है। बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह करीब 11 बजे लेबर संजय कुमार का डेढ़ साल का बेटा वैभव अंदर खेल रहा था। वह खेलते-खेलते परिसर में रखे क्रेन के पास पहुंच गया।
ड्राइवर ने बिना देखे बैक किया, पहिए के नीचे आ गया मासूम
इस दौरान वहां काम भी चल रहा था। तभी पर बैठे ड्राइवर उसे पीछे करने लगा। वह पीछे खेल रहे बालक को नहीं देख पाया। बिना पीछे देखे उसने क्रेन को बैक करने लगा, जिससे मासूम बालक पहिए के नीचे आ गया।
इस हादसे में बालक का सिर कुचला गया। उसकी हालत देखकर परिजन उसे सिम्स लेकर गए, जहां उसे मृत बता दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
फैक्ट्री में मजदूरों की सुरक्षा पर सवाल
इस हादसे के बाद फैक्ट्री के कामगारों की सुरक्षा पर भी सवाल उठने लगा है। कहा जा रहा है कि फैक्ट्री में ही मजदूरों के रहने की व्यवस्था की है। लेकिन, हादसा होने की स्थिति में मजदूर और उनके परिवार की सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है।