उप चुनाव को लेकर नाराज पूर्व महिला सरपंच ने जनपद पंचायत अधिकारियों और पुलिस के सामने ही पी लिया जहर….

जांजगीर-चांपा// जांजगीर-चांपा जिले के हेडसपुर गांव की पूर्व महिला सरपंच शांति चौहान ने आत्महत्या की कोशिश की। उप चुनाव को लेकर नाराज महिला ने जनपद पंचायत अधिकारियों और पुलिस के सामने ही जहर पी लिया। बता दें कि महिला सरपंच को रुपयों के गबन के आरोप में हटाया गया था।
दरअसल, जनपद पंचायत बलौदा क्षेत्र के ग्राम हेडसपुर की सरपंच शांति चौहान पर 35 लाख रुपए के गबन का आरोप लगा था। जिसे जांच टीम के द्वारा सही पाए जाने पर सरपंच पद से बर्खास्त किया गया था।

पूर्व महिला सरपंच ने की सुसाइड की कोशिश।
जनपद पंचायत बलौदा सीईओ ने 4 दिसंबर को सरपंच पद के लिए उप चुनाव कराने का आदेश दिया था। आज गुरुवार की सुबह 11 बजे उप चुनाव कराने जनपद पंचायत अधिकारी और पुलिस टीम पहुंची हुई थी।
इस दौरान पूर्व महिला सरपंच शांति चौहान ने उप चुनाव नहीं कराने को लेकर जमकर हंगामा किया। फिर आत्महत्या की चेतावनी देते हुए आवेदन दिया। जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो महिला अपने साथ जहर लेकर पहुंची। पंचायत भवन में ही अधिकारियों और पुलिस के सामने ही जहर सेवन कर लिया।
जहर सेवन करते देख पुलिस टीम ने जहर की बोतल छीन ली। इसके बाद अस्पताल नहीं जाने की जिद करते हुए महिला पंचायत भवन में बैठ गई। किसी तरह से पूर्व महिला सरपंच को सीएचसी अस्पताल उपचार के लिए भेजा गया। इसके बाद अधिकारियों की उपस्थिति में उप-चुनाव कराया गया है।