शेयर बाजार में डबल मुनाफा का झांसा देकर MP के युवक ने की 77 लाख रुपए की ठगी ….

सरगुजा// अंबिकापुर में शेयर बाजार में डबल मुनाफा का झांसा देकर MP के युवक ने 77 लाख रुपए की ठगी कर ली। साथ ही रकम वापस करने से इनकार कर दिया। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाली अंबिकापुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर अंतर्गत मायापुर निवासी सौरभ गुप्ता ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जुलाई 2023 में मध्यप्रदेश के अमलाई निवासी रोनित सिंह बरगाही ने उससे संपर्क किया। अमलाई में ससुराल होने के कारण वह रोनित सिंह बरगाही से परिचित था। रोनित के झांसे में आकर सौरभ गुप्ता शेयर बाजार में निवेश के नाम पर राशि देने को तैयार हो गया।
कर्ज लेकर दी रकम
सौरभ गुप्ता निजी कंपनी में कार्यरत है। उसने अपने पास जमा पैसों के अलावा नया काम शुरू करने के नाम से सूरजपुर के रोहित गुप्ता से रकम उधार में ली। 11 लाख रुपए अक्टूबर 2023 से दिसंबर 2023 के बीच रोनित कुमार बरगाही के एकाउंट में ट्रांसफर किया।
सौरभ गुप्ता ने 7 महीने बाद रोनित से संपर्क किया। अपने मूलधन की राशि वापस मांगी तो रोनित सिंह द्वारा टाल मटोल किया गया। अब पैसे लौटाने से उसने स्पष्ट इनकार कर दिया।
धोखाधड़ी का जुर्म दर्ज
सौरभ गुप्ता की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने बैंक स्टेटमेंट की जांच की। रोनित सिंह के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
लगातार सामने आ रहे मामले
शेयर बाजार में अच्छे रिटर्न के झांसे में आकर लोग लगातार ठगी के शिकार हो रहे हैं। कोरिया में शिक्षक दंपती अशोक कुमार चौबे और उनकी पत्नी पुनीता चौबे से 47 लाख रुपए की ठगी कर ली गई है। मामले में कोरिया जिले की पटना पुलिस ने परमेश्वर, उसकी पत्नी कुसुम, सलीम और एल्विन के खिलाफ धोखाधड़ी का जुर्म दर्ज किया है। शिक्षक दंपती के अलावा आठ अन्य लोगों से भी इन आरोपियों ने लाखों की ठगी की है।