हाथी के हमले से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत:पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, बोले-दुख की घड़ी में हम साथ हैं

कोरबा// कोरबा जिले के हरदी बाजार ग्राम रलिया में कुछ दिन पहले हाथी के हमले से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गायत्री देवी राठौर की मौत हो गई थी। शुक्रवार की रात नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत उसके घर पहुंचे। परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि, दुख की घड़ी में हम आपके साथ हैं।

दरअसल, दंतैल हाथी अब तक 3 महिलाओं को मौत के घाट उतार चुका है। रलिया के बाद खैरभवना में दो महिलाओं को कुचल दिया था। उसके बाद जांजगीर-चांपा के कोरबा के सीमा से लगे खिसोरा जंगल में पिछले तीन दिनों से डेरा डाला हुआ है। वहां से हाथी बाहर नही निकला है।
हाथी की निगरानी के लिए कटघोरा वन मंडल, जांजगीर चांपा वन मंडल और बिलासपुर वन मंडल के कर्मचारी तैनात है। कटघोरा डीएफओ निशांत कुमार झा ने बताया कि, हाथी किशोर जंगल में अभी भी विचरण कर रहा है। इसके लिए आसपास गांव में मुनादी कराई जा रही है। वहीं, ग्रामीणों को जंगल जाने से रोका जा रहा है।
इस दौरान पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, पूर्व विधायक राज्य मंत्री पुरुषोत्तम कंवर और महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रभा सिंह तंवर मौजूद रहे।