दर्जनों महिलाओं के साथ सड़क पर छेड़छाड़: मोहल्लेवाले पीछा करते हुए आरोपी के घर पहुंचे, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार…

रायपुर// रायपुर में एक युवक का दर्जनों महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। युवक तेज रफ्तार स्कूटी में आकर सड़क में चल रही महिलाओं के साथ छेड़छाड़ कर फरार हो जाता था। वह महिलाओं पर भद्दे कमेंट्स भी किया करता था। इस मामले के बाद मोहल्ले वालों ने आरोपी का पीछा करते हुए उसके घर को घेर लिया। मौके पर पहुंची सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल बीतें कुछ दिनों से सिविल लाइन, देवेंद्र नगर, पंडरी समेत शहर के कई इलाकों से युवतियों और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की शिकायतें आ रही थीं। जानकारी के अनुसार आदित्य हाइट्स में रहने वाला आरोपी साकेत जैन, वॉक करने वाली युवतियों और महिलाओं के साथ छेड़खानी करता था।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने ऐसा शहर के कई इलाकों में किया। बीतें रात भी आरोपी ने शक्तिनगर इलाके में वॉक कर रही महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़छाड़ की और मौके से फरार हो गया। लेकिन इलाके के लोगों ने सीसीटीवी की मदद से उसकी पहचान की। इसके बाद उन्होंने गिरफ्तारी की मांग करते हुए आदित्य हाइट्स का घेराव कर दिया।
विवाद बढ़ता देख सिविल लाइन थाना पुलिस छेड़छाड़ करने वाले युवक साकेत जैन को गिरफ्तार कर लिया है।