सौतली मां ने मासूम को पटककर मार डाला: 7 महीने के बच्चे की परवरिश नहीं थी पसंद, पति ने की थी दूसरी शादी…

बलरामपुर// बलरामपुर जिले के चुनचुना में सौतेली मां ने 7 महीने के बच्चे की परवरिश से परेशान होकर उसे पटक-पटककर मार डाला। बच्चे की मां की मौत प्रसव के दौरान हो गई थी। परिवार वाले बच्चे की परवरिश कर रहे थे। इस बीच पिता बच्चे के पालन-पोषण के लिए दूसरी पत्नी को लागा था। मामला सामरी थाना क्षेत्र का है।
पचपेड़ी निवासी जेठुआ कोरवा की पत्नी मघनी कोरवा की मौत 7 महीने पहले प्रसव के दौरान हो गई थी, लेकिन उनका बच्चा स्वस्थ था। बच्चे की परवरिश में हो रही परेशानी को देखते हुए चार महीने पहले उसने महुआ टोली गांव की मनिता कोरवा से सगाई की और उसे पत्नी बनाकर घर ले आया। मनिता को बच्चे के परवरिश की जवाबदेही दे दी गई।
घर से बाहर गया था पति, बच्चे को पटका
जेठुआ कोरवा 3 जून को गांव में आयोजित सरहुल पर्व में शामिल होने चुनचुना बस्ती की ओर गया था। घर में मनिता सौतेले बेटे के साथ अकेली थी। जब जेठुआ कोरवा शाम को घर लौटा तो उसने देखा कि उसकी पत्नी मनीता कोरवा ने बच्चे को जमीन पर लिटाकर रखा है। उसके ऊपर कपड़ा ढंका हुआ है।
जेठुआ ने कपड़े को हटाकर बच्चे को उठाने के लिए हिलाकर देखा तो कोई हलचल नहीं हुई। उसके सिर पर पीछे कनपटी में गंभीर चोटें आई थीं। उसकी मौत हो चुकी थी। पूछताछ करने पर मनीता बिना कोई जवाब दिए घर से भाग गई। 4 जून को घटना की रिपोर्ट सामरी थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
महिला आरोपी गिरफ्तार
सामरी पुलिस ने आरोपी मनीता कोरवा को गिरफ्तार कर लिया है। सामरी टीआई विजय सिंह ने बताया कि आरोपी मनीता कोरवा को बच्चे का पालन पोषण करना पसंद नहीं थी। इस कारण उसने बच्चे को पटक दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 302 के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।