पत्नी से विवाद के बाद पति ने लगाई फांसी: रात में समझाइश देकर चली गई थी पुलिस, सुबह फिर झगड़ा हुआ, तो कर ली खुदकुशी…

भिलाई//भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में एक युवक ने सोमवार दोपहर अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। बताया जा रहा है कि पत्नी के साथ उसका अक्सर विवाद होते रहता था। इसी बात को लेकर उसने आत्महत्या कर ली।
जानकारी के मुताबिक, सुपेला लक्ष्मी मार्केट निवास अजय ठाकुर (37) प्लाईवुड का काम करता है। घर में वो पत्नी, बच्चा और मां के साथ रहता था। मां बिहार अपने गांव गई हुई है। रविवार रात में पति-पत्नी के बीच फिर किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ।
रात में पुलिस ने दी थी समझाइश
इसके बाद पत्नी ने डायल-112 में फोन कर दिया था। पुलिस रात में आई और जब पता चला की मामला पति-पत्नी के बीच विवाद का है, तो उन दोनों को समझाया और पुलिस चली गई। सोमवार सुबह फिर से दोनों आपस में विवाद करने लगे। इससे नाराज होकर अजय अपने कमरे में चला गया और दरवाजा बंद कर लिया।
कमरे में लगा ली फांसी
जब काफी देर तक वो बाहर नहीं आया, तो पत्नी ने दरवाजा खुलवाया। जब अंदर से कोई आवाज नहीं आई, तो पत्नी ने मदद की गुहार लगाई। आसपास पड़ोस के लोग पहुंचे और खिड़की से झांककर देखा, तो अजय पंखे से रस्सी के सहारे फंदा बनाकर लटका हुआ था।
परिजनों ने तुरंत डायल-112 को फोन कर बुलाया। सोमवार दोपहर पुलिस पहुंची, फिर दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से नीचे उतारा गया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला स्थित मरचुरी में भेजा गया। मंगलवार को शव का पीएम किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।