पति ने की पत्नी की हत्या:खून से लथपथ मिली थी महिला की लाश, बार-बार बयान बदल रहा था आरोपी पति..

बलरामपुर// बलरामपुर के राजपुर थाना क्षेत्र के सेवारी के बसियाटोली गांव में घर में खून से लथपथ मिली महिला की लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में महिला के पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पति को पुलिस कोर्ट में पेश करने की तैयारी में है।
दरअसल, 4 जनवरी की सुबह राजपुर थाना क्षेत्र के सेवारी के बसियाटोली में स्वास्थ्य विभाग की मितानिन 55 वर्षीया अनिता केरकेट्टा की खून से लथपथ लाश उसके घर मे मिली थी। इसकी सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रमाकांत साहू दलबल के साथ मौके पर पहुंचे थे और मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
दपंती में होता था विवाद
पुलिस ने महिला के परिजनों से पूछताछ शुरू की। इस दौरान पुलिस को यह जानकारी मिली की मृतका का पति विलियम केरकेट्टा अपनी पत्नी के घर से गायब रहने और शराब का आदि होने से परेशान था। इस वजह से दपंती में इस बात को लेकर अक्सर विवाद होता था।
पति बार-बार बदल रहा था अपना बयान
बता दें कि महिला की हत्या की खबर पुलिस को खुद उसके पति ने ही दी थी। वहीं पुलिस पूछताछ के दौरान भी महिला का पति बार-बार अपना बयान बदल रहा था। इसके बाद पुलिस को मृत महिला के पति पर शक हुआ और शक के आधार पर पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया है।