रेलकर्मी महिला से सरेराह छेड़छाड़: ड्यूटी के बाद घर लौट रही थी, तभी हाथ पकड़कर कार में बैठाने लगा बदमाश, केस दर्ज…

बिलासपुर// बिलासपुर में एक महिला रेलकर्मी से सरेराह छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। महिला ड्यूटी के बाद अपने घर जा रही थी। तभी रास्ते में बदमाश युवक ने उसे रोक लिया और हाथ पकड़कर कार में बैठाने की कोशिश करने लगा। किसी तरह महिला ने उससे पीछा छुड़ाया और पुलिस से शिकायत की। आरोपी युवक के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है।

टीआई कमला पुसाम ने बताया कि सरकंडा थाना क्षेत्र में रहने वाली 40 वर्षीय महिला रेलवे में कार्यरत है। शहर का आदतन बदमाश स्वाधीन नाग चौधरी महिला रेलवे कर्मी को ड्यूटी आने जाने के दौरान रास्ते में पीछा कर परेशान करता है। बीते 7 अगस्त को महिला ऑफिस से घर जाने के लिए निकली थी। तभी बाहर में उसे स्वाधीन नाग ने रोकने की कोशिश की। लेकिन, वह नहीं रूकी और आगे निकल गई।

सरेराह रोका और हाथ पकड़कर कार में बैठाने लगा बदमाश
इसके बाद 9 अगस्त को महिला कर्मी जब ड्यूटी से घर लौट रही थी, तो ऑफिस के बाहर फिर आरोपी युवक पहुंच गया। उसने महिला को रोक लिया और उसे धमकाने लगा। वह आए दिन महिला का पीछा करता है। शुक्रवार की शाम उसने महिला को रोककर उसका हाथ पकड़ लिया और जबरदस्ती अपनी कार में बैठाने की कोशिश करने लगा। महिला ने शोर मचाया और किसी तरह उसके चंगुल से पीछा छुड़ाई। इस बीच शोर मचाने पर युवक वहां से भाग निकला। परेशान होकर महिला ने इस घटना की शिकायत तोरवा थाने में की, जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

आदतन अपराधी है युवक, छेड़खानी के दर्ज है कई केस
आरोपी स्वाधीन नाग चौधरी आदतन बदमाश है। उसके खिलाफ शहर के कई थानों में ही आधा दर्जन से अधिक केस दर्ज है और सभी मामले छेड़खानी के ही हैं। उस पर मारपीट और धोखाधड़ी के भी केस दर्ज है।