KORBA: युवक पर 20 से 25 बार चाकू से वार: पैदल जा रहा था, तभी आए आरोपियों ने किया हमला; पुराने झगड़े के चलते वारदात…

कोरबा// छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चाकूबाजी की वारदात सामने आई है। आरोपियों ने मिलकर एक युवक पर 20 से 25 बार चाकू से वार किया है। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया है। पूरा मामला पुराने विवाद से जुड़ा है। जिसके चलते यह वारदात हुई है। मामला बालको थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, विकास महंत रविवार रात को रुमगरा हवाई पट्टी के पास से पैदल जा रहा था। उसी दौरान वहां पर कुछ लड़के पहुंच गए। उन्होंने पहले विकास महंत को गाली दी। फिर पीटने लग गए। काफी देर तक मारपीट के बाद उस पर चाकू से हमला कर दिया।

उधर, युवक पर हमला होता देख आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। तब तक आरोपी भाग निकले थे। इसके बाद युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उसका इलाज किया गया है।

वहीं वारदात में घायल युवक ने बताया है कि कुछ समय पहले उसका अमर सिंह होटल के पास कुछ युवकों से विवाद हुआ था। विवाद के बाद उन लोगों ने मुझे जान से मारने की धमकी दी थी। मुझे लगता है ये वही लोग हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले में जांच जारी है।