KORBA: मामा के घर आई युवती से दुष्कर्म: आरोपी ने कहा- तुम्हारी मां की तबीयत खराब है, फिर ले गया अंबिकापुर…

कोरबा// कोरबा में एक युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जशपुर की रहने वाली पीड़िता अपनी मामी के घर आई हुई थी। इसी दौरान उसके पहचान के युवक ने झांसा देकर जबरदस्ती की। आरोपी उसे अंबिकापुर भी ले गया और वहां 2 महीने तक दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पूरा मामला करतला थाना इलाके का है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता रामपुर में अपनी मामी की डिलीवरी के समय मदद करने पहुंची थी और 1 महीने रूकी थी। इसी दौरान जब वह सामान लेने दुकान जा रही थी तभी उसकी पहचान के लड़के शिव मिंज ने उसका रास्ता रोका। आरोपी ने पीड़िता से कहा कि, तुम्हारी मां की तबीयत खराब है और तुम्हे लेने आया हूं। झांसे में लेकर आरोपी ने पीड़िता को जंगल ले जाकर दुष्कर्म किया।

अंबिकापुर भी ले गया आरोपी
प्यार और शादी का झांसा देकर आरोपी उसे अंबिकापुर भी ले गया। जहां 2 महीने तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर पीड़िता अपने घर पहुंची। मां-पिता को आपबीती बताने के बाद 14 जुलाई को करतला थाने में इसकी शिकायत की गई। पुलिस ने केस दर्ज कर 24 घंटे में आरोपी शिव मिंज को जशपुर से धर दबोचा। आरोपी को कोर्ट में पेशकर न्यायिक रिमांड में भेजा गया है।