नेशनल हाईवे-43 पर भीषण हादसा, ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत..

कोरिया// नेशनल हाईवे-43 पर बिशुनपुर के पास तेज रफ्तार ट्रेलर और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया। हादसा चरचा थाना क्षेत्र में हुआ।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 4:30 बजे बिशुनपुर के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह टूट गई।

चरचा पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल बैकुंठपुर भेज दिए हैं।

घर लौट रहे थे दोनों युवक

मृतकों की पहचान मनेंद्रगढ़ निवासी संतोष और सेवा के रूप में हुई है। दोनों बैकुंठपुर की ओर से अपने घर लौट रहे थे। हादसे की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी।

चार दिन में दूसरी बड़ी सड़क दुर्घटना

नेशनल हाईवे-43 पर चार दिन के भीतर यह दूसरी बड़ी दुर्घटना है। इससे पहले मनेंद्रगढ़ में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी थी।

हादसे में भाई-बहन भवन सिंह (27), प्रमिला (20) और उनकी सहेली भूमिका (18) की मौत हो गई थी। टक्कर के बाद ट्रक तीनों को करीब 200 मीटर तक घसीटता ले गया था। लगातार हो रहे हादसों की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है।

Chhattisgarh