रायपुर : ऑनलाइन टोकन व्यवस्था बनी किसानों के लिए राहत, घर बैठे टोकन से धान बेचना हुआ आसान

ऑनलाइन टोकन व्यवस्था बनी किसानों के लिए राहत, घर बैठे टोकन से धान बेचना हुआ आसान
  • रतनपुर उपार्जन केंद्र में 30 क्विंटल धान लेकर पहुंचे ग्राम रतनपुर के किसान ललित कुमार ने की खरीदी व्यवस्था की सराहना
  • उपज का मिलेगा 93 हजार रुपये मूल्य, किसान हितैषी व्यवस्थाओं के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति जताया आभार

रायपुर (CITY HOT NEWS)//

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों की सुविधा एवं आर्थिक समृद्धि को ध्यान में रखते हुए धान खरीदी केंद्रों में की गई बेहतर व्यवस्थाओं का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को लेकर किसानों में उत्साह और खुशी का माहौल है। ऑनलाइन टोकन सुविधा, व्यवस्थित तौल एवं उपार्जन केंद्रों में उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं से धान विक्रय की प्रक्रिया पहले की अपेक्षा अधिक सरल और सुविधाजनक हुई है।

इसी कड़ी में जिले के ग्राम रतनपुर निवासी किसान ललित कुमार अपनी 30 क्विंटल धान की उपज लेकर रतनपुर धान उपार्जन केंद्र पहुंचे। उन्होंने ऑनलाइन टोकन सुविधा का लाभ लेते हुए निर्धारित तिथि पर अपनी उपज खरीदी केंद्र पहुंचाई। केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और सुव्यवस्थित खरीदी प्रक्रिया से प्रसन्न किसान ललित कुमार ने शासन की किसान हितैषी व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए संतोष व्यक्त किया।

तकनीक के उपयोग से किसानों के समय और श्रम की हो रही बचत

शासन द्वारा किसानों की सुविधा के लिए संचालित ‘टोकन तुंहर हाथ’ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस व्यवस्था से किसानों को टोकन प्राप्त करने के लिए बार-बार सहकारी समितियों के चक्कर लगाने और लंबी कतारों में खड़े होने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। किसान अपनी सुविधा के अनुसार टोकन प्राप्त कर निर्धारित तिथि पर उपार्जन केंद्र पहुंच रहे हैं। इससे समय और श्रम की बचत होने के साथ खरीदी केंद्रों में अनावश्यक भीड़ कम करने तथा धान उपार्जन कार्य को व्यवस्थित बनाने में भी मदद मिल रही है।

उपार्जन केंद्रों में बेहतर व्यवस्थाओं से किसानों को मिल रही सहूलियत

जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनाए रखने के लिए उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। केंद्रों में पर्याप्त बारदाने, व्यवस्थित तौल एवं किसानों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य किसानों को धान विक्रय के दौरान होने वाली अनावश्यक परेशानियों से राहत दिलाना तथा खरीदी प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाना है।

30 क्विंटल धान का मिलेगा 93 हजार रुपये मूल्य

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। इस दर के अनुसार किसान ललित कुमार की 30 क्विंटल धान की उपज का कुल मूल्य 93 हजार रुपये होगा। किसानों को उनकी मेहनत और उपज का उचित मूल्य मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। साथ ही कृषि संबंधी आवश्यकताओं, आगामी फसल की तैयारियों एवं पारिवारिक जरूरतों को पूरा करने में भी सहायता मिल रही है।

किसान ललित कुमार ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

किसान ललित कुमार ने धान खरीदी की बेहतर व्यवस्था, ऑनलाइन टोकन सुविधा एवं 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा किसानों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए की गई व्यवस्थाओं से धान बेचना आसान हुआ है। घर बैठे टोकन प्राप्त होने और खरीदी केंद्रों में बेहतर सुविधाएं मिलने से किसानों को काफी राहत मिल रही है।

जिले में तकनीक आधारित टोकन प्रणाली और सुव्यवस्थित धान खरीदी व्यवस्था किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रही है। शासन की किसान हितैषी पहल से जहां धान विक्रय की प्रक्रिया सहज हुई है, वहीं किसानों की आर्थिक समृद्धि एवं आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिल रहा है।

Chhattisgarh