- घर बैठे टोकन, केंद्र में त्वरित खरीदी और पूरी आदान सहायता से किसानों को मिली राहत
- 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने पर भी मिलेगी पूरी आदान सहायता राशि, किसानों को मिला आर्थिक सहारा
कोरबा (CITY HOT NEWS)///
किसानों की मेहनत को उचित मूल्य और उपज के विक्रय में सहजता मिले, इसके लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की सुव्यवस्थित व्यवस्था किसानों के लिए राहत और उत्साह का माध्यम बन रही है। ऑनलाइन टोकन, त्वरित खरीदी और उपार्जन केंद्रों में बेहतर व्यवस्थाओं से किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा मिल रही है। ऐसी ही सकारात्मक व्यवस्था का अनुभव कटघोरा विकासखंड के ग्राम कसरेंगा निवासी किसान श्री महात्मा राम यादव ने किया, जिन्होंने सहकारी समिति छुरीकला में अपनी मेहनत से उपजाए 40 क्विंटल धान का सहजता से विक्रय किया।
किसान महात्मा राम यादव ने बताया कि उन्होंने मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया। निर्धारित तिथि पर उपार्जन केंद्र पहुंचने के बाद बिना लंबी प्रतीक्षा के उनके धान की त्वरित खरीदी हो गई। समिति में कर्मचारियों का सहयोग और व्यवस्थित प्रक्रिया उनके लिए काफी सुविधाजनक रही। उन्होंने कहा कि प्रति क्विंटल 3100 रुपये का समर्थन मूल्य मिलने से उनकी मेहनत को उचित सम्मान और फसल का अच्छा दाम मिल रहा है। वहीं प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी का प्रावधान भी किसानों के लिए बड़ी राहत है।
कृषक महात्मा राम यादव ने इस वर्ष सरकार द्वारा शुरू की गई एक और किसान हितैषी पहल की सराहना करते हुए बताया कि अब 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान विक्रय करने वाले किसानों को भी उनके सत्यापित रकबे के आधार पर पूरी 13,839 रुपये प्रति एकड़ की एकमुश्त आदान सहायता राशि मिलेगी। इससे किसानों को अपनी आवश्यकता और सुविधा के अनुसार धान विक्रय करने के बाद भी निर्धारित आदान सहायता का पूरा लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल से किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा और खेती-किसानी के कार्यों में सहूलियत होगी।
किसान महात्मा राम यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से हमारी मेहनत को सही पहचान मिल रही है। खरीदी की सरल प्रक्रिया और समय पर भुगतान की व्यवस्था से हमारा भरोसा मजबूत हुआ है। 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी पूरी आदान सहायता मिलने का निर्णय किसानों के हित में सराहनीय कदम है। इससे हमें खेती को और बेहतर बनाने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने किसानों के हित में ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।


