उधारी के पैसों के विवाद में युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या, फरार मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा/// जांजगीर जिले के ग्राम खोखरा में उधारी के पैसों को लेकर हुए विवाद में युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी (40) को पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

इस मामले में एक अन्य आरोपी इतवारी सूर्यवंशी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानिए पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे ग्राम खोखरा के सूर्या चौक पर कौशल सूर्यवंशी, इतवारी सूर्यवंशी और देवनारायण सूर्यवंशी साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान उधारी के पैसों को लेकर विवाद हुआ। आरोपियों ने देवनारायण के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी।

19 नवंबर को कमल सूर्यवंशी ने सिटी कोतवाली जांजगीर में घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस की सीन ऑफ क्राइम यूनिट (SOCU) और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया। ट्रैकर डॉग ‘गब्बर’ घटनास्थल से कौशल सूर्यवंशी के घर तक पहुंचा। पुलिस जब घर पहुंची, तब कौशल वहां नहीं मिला।

पुलिस ने 19 नवंबर को सूर्या चौक खोखरा के इतवारी सूर्यवंशी (42) को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। कौशल सूर्यवंशी (40) की तलाश जारी थी। पुलिस टीम उसे रायपुर से हिरासत में लेकर जांजगीर लाई।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में कौशल ने पैसों के विवाद में देवनारायण के सिर पर पत्थर से वार कर हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Chhattisgarh