पारिवारिक रंजिश और शक के चलते व्यक्ति ने अपने बड़े भाई की पत्नी की कर दी हत्या…टंगिया और खून से सने कपड़े जब्त, आरोपी गिरफ्तार..

कबीरधाम// कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम मोहगांव में पारिवारिक रंजिश और शक के चलते एक व्यक्ति ने अपने बड़े भाई की पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को महिला के किसी युवक से बातचीत करने को लेकर शक था। इसी बात पर विवाद के बाद उसने पहले महिला का गला दबाया और फिर टंगिया से हमला कर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गांव के पास नहर किनारे से कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

पति ने बड़े भाई पर लगाया हत्या का आरोप

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर को ग्राम मोहगांव निवासी बीरसिंग निषाद ने सहसपुर लोहारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उसकी पत्नी हेमलता निषाद की हत्या उसके बड़े भाई देवसिंग निषाद ने कर दी है। मामले में पुलिस ने मर्ग क्रमांक 47/2026 दर्ज किया और अपराध क्रमांक 176/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा ने आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कीं। पुलिस टीम घटनास्थल ग्राम मोहगांव पहुंची और एफएसएल वैज्ञानिकों व एसडीओपी की मौजूदगी में जांच की।

इस दौरान घटनास्थल और शव के आसपास मिले खून, मृतिका की टूटी चूड़ियों और खून से सने कपड़ों सहित अन्य साक्ष्य जुटाए गए। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ में भी पुलिस को आरोपी के संबंध में जानकारी मिली।

नहर किनारे छिपा मिला आरोपी

पुलिस की एक टीम ने फरार आरोपी देवसिंग निषाद को गांव के पास नहर किनारे छिपे हुए पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, उसने बताया कि उसे हेमलता के किसी युवक से बातचीत करने को लेकर शक था।

इसी बात पर विवाद हुआ और गुस्से में आकर उसने पहले महिला का गला दबाया, फिर टंगिया से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

टंगिया और खून से सने कपड़े जब्त

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेम सागर सिदार ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल टंगिया और घटना के समय पहने हुए खून से सने शर्ट व हाफ पैंट जब्त किए गए हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी देवसिंग निषाद (32), निवासी ग्राम मोहगांव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पूर्व में भी अपनी भाई की पत्नी हेमलता निषाद के साथ छेड़छाड़ के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने हत्या के आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार किया।

Chhattisgarh