हनुमान मंदिर से दो दानपेटियां चोरी…आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

कोरबा// कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कोसाबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर में चोरों ने दानपेटियों को निशाना बनाया। रात के अंधेरे में मंदिर का ताला तोड़कर घुसे चोर हनुमान जी और माता रानी के पास रखी दोनों दानपेटियां लेकर फरार हो गए।

दानपेटियों में करीब 50 से 60 हजार रुपए होने का अनुमान है। घटना के बाद क्षेत्र में नाराजगी है। वहीं, मुख्य मार्ग पर और थाने के पास हुई चोरी के बाद रात्रि गश्त को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी तो खुला मिला गेट

मंदिर के पुजारी सौरभ मिश्रा ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे वह रोज की तरह मंदिर खोलने पहुंचे। इस दौरान गेट खुला देखकर उन्हें संदेह हुआ। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। बाईं ओर लकड़ी का गेट खुला था और हनुमान जी के सामने रखा सामान अव्यवस्थित था। माता रानी के पास रखा दानपात्र भी खुला मिला।

पुजारी के मुताबिक, आशंका है कि चोर दोनों दानपेटियां ले गए हैं। दानपेटी आखिरी बार चैत्र माह के नवरात्र में करीब छह महीने पहले खोली गई थी। ऐसे में दोनों दानपेटियों में लगभग 50 से 60 हजार रुपए होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कोसाबाड़ी हनुमान मंदिर में दानपेटी चोरी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुजारी सौरभ मिश्रा के आवेदन पर FIR दर्ज की जा रही है।

सीएसपी के अनुसार, मंदिर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। हालांकि, आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

सामने वन विभाग की कॉलोनी में भी हो चुकी है चोरी

बताया जा रहा है कि हनुमान मंदिर के ठीक सामने स्थित वन विभाग की कॉलोनी में भी हाल ही में चोरी की घटना हुई थी। इसके बाद विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कॉलोनी में फाटक लगाया गया है और अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध का बोर्ड लगाया गया है। इसके अलावा वहां वाहन खड़े करने पर 500 रुपए जुर्माने का बोर्ड भी लगाया गया है।

Chhattisgarh