सड़क हादसे में बाइक सवार शिक्षक की मौत..हाईस्कूल में पढ़ाकर लौट रहे थे घर..पेट्रोल पंप के सामने अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को मारी टक्कर..

बालोद// बालोद-दल्लीराजहरा मुख्य मार्ग पर गुरुवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार शिक्षक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कुसुमकसा के आमापारा निवासी 50 वर्षीय नितेश खरे उर्फ राजू के रूप में हुई है। वे भैंसबोड़ हाईस्कूल में पढ़ाकर घर लौट रहे थे।

भैंसबोड़ हाईस्कूल में कॉमर्स के व्याख्याता थे नितेश खरे - Dainik Bhaskar

भैंसबोड़ हाईस्कूल में कॉमर्स के व्याख्याता थे नितेश खरे

इसी दौरान कुसुमकसा पेट्रोल पंप के सामने एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

कुसुमकसा पेट्रोल पंप के सामने हादसा

कुसुमकसा पेट्रोल पंप के सामने हादसा

दोपहर करीब 3 बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, नितेश खरे गुरुवार को स्कूल से छुट्टी के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे कुसुमकसा पेट्रोल पंप के सामने अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण उनके सिर में गंभीर चोट आई और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने पर दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंची। शिक्षक के शव को चिखलाकसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मर्च्युरी में रखवाया गया है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

भैंसबोड़ हाईस्कूल में कई वर्षों से दे रहे थे सेवाएं

नितेश खरे पिछले कई वर्षों से भैंसबोड़ हाईस्कूल में कॉमर्स विषय के व्याख्याता के रूप में सेवाएं दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के सैकड़ों विद्यार्थियों को पढ़ाया। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

सीसीटीवी फुटेज से अज्ञात वाहन की तलाश

दल्लीराजहरा पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल बाइक को जब्त कर लिया गया है। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वाहन की पहचान होने के बाद उसके ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Chhattisgarh