उद्योग मंत्री ने बरेठ समाज के सामुदायिक भवन का किया लोकार्पण…कोरबा में 96.76 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन…समाजों की आवश्यकताओं के अनुरूप कराए जा रहे विकास कार्य – मंत्री श्री लखन लाल देवांगन

कोरबा (CITY HOT NEWS)///

नगर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत गुरुवार को ढोढ़ीपारा स्थित रशियन हॉस्टल के समीप आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर विभिन्न समाजों एवं वार्डों में कुल 96.76 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया।

वार्ड क्रमांक 15 में जीटी हॉस्टल, सीएसईबी के नहर पुल के समीप बरेठ समाज की मांग पर डीएमएफ मद से 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 18 कोहड़िया एवं आसपास के क्षेत्रों में 81.76 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

इन कार्यों का हुआ लोकार्पण एवं भूमिपूजन

लोकार्पण के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 15 में जीटी हॉस्टल, सीएसईबी के नहर पुल के समीप बरेठ समाज के लिए 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन शामिल है।

भूमिपूजन किए गए कार्यों में वार्ड क्रमांक 18 कोहड़िया में 48.61 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम निर्माण एवं विकास कार्य, 6.60 लाख रुपये की लागत से पचरी निर्माण, बावापारा कोहड़िया में 6.57 लाख रुपये की लागत से पचरी निर्माण, सामुदायिक भवन के समीप 9.98 लाख रुपये की लागत से पेवर ब्लॉक, शेड एवं अतिरिक्त विकास कार्य तथा कहरा मोहल्ला सामुदायिक भवन के समीप 10 लाख रुपये की लागत से शौचालय, किचन शेड एवं सांस्कृतिक मंच निर्माण शामिल हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने की। नगर निगम सभापति श्री नूतन ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समाज का विकास शहर के विकास की पहली सीढ़ी -मंत्री श्री देवांगन

मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि समाजों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य कराए जा रहे हैं। समाज का विकास शहर के विकास की पहली सीढ़ी है। इसी भावना के साथ बीते पौने तीन वर्षों में लगभग 60 समाजों को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी गई है। उन्होंने कहा कि बरेठ समाज को सामुदायिक भवन की सुविधा मिली है और कहरा समाज के लिए भी विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में कोरबा में विकास कार्यों को गति मिल रही है। बीते तीन वर्षों में 1100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूरा कर नागरिकों को उनका लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है। आने वाले एक से दो महीनों में 100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न मदों से कार्य स्वीकृत कराए जा रहे हैं।

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि मंत्री श्री देवांगन 67 वार्डों के साथ शहर के सभी समाजों की आवश्यकताओं का ध्यान रखते हैं। समाजों की मांगों को गंभीरता से लेकर घोषणाओं के अनुरूप विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर के विकास कार्यों को गति देने के लिए स्पष्ट नीति और समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।

एमआईसी सदस्य श्री नरेंद्र देवांगन ने कहा कि समाजों की मांगों और वार्डों के विकास को प्राथमिकता देते हुए कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

कार्यक्रम में श्री लक्ष्मण श्रीवास, श्री राम कुमार साहू, एल्डरमैन श्री दीपक यादव, श्री राजेश राठौर, श्री मनीष मिश्रा सहित बरेठ समाज से श्री धनबाई निर्मलकर, श्री जनाराम कर्ष, श्री पुनि राम साहू, श्रीमती सरिता कौशिक, श्री पुरुषोत्तम कर्ष, श्री चेतन कर्ष, श्री सुरेंद्र शांडिल्य, श्री संतोष बरेठ, श्री गिरधारी रजक, श्री बिहारी रजक, श्री राजेश बरेठ एवं श्री रामेश्वर रजक तथा कहरा समाज से श्री गेंदलाल कटकवार, श्री गंगाराम एवं श्रीमती लक्ष्मी कहरा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और समाजजन उपस्थित रहे।

Chhattisgarh