हनुमान स्वर्ण-रजत रिपेयरिंग दुकान का ताला तोड़कर सोना-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी..थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई वारदात..CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

धमतरी// छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर में चोरी की वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के इतवारी बाजार में हनुमान मंदिर के पास स्थित हनुमान स्वर्ण-रजत रिपेयरिंग दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर सोना-चांदी के जेवरात और नकदी ले गए।

दुकान से करीब 600 ग्राम चांदी, 14 ग्राम सोना और 5 हजार रुपए नकद चोरी होने की जानकारी सामने आई है। वारदात थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई है।

रात में ताला तोड़कर दुकान में घुसे चोर

जानकारी के मुताबिक, अज्ञात चोर ने रात के अंधेरे में दुकान का ताला तोड़ा और अंदर रखे सोना-चांदी के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान की कीमत शुरुआती जानकारी में करीब 4 लाख रुपए बताई गई है। हालांकि, एडिशनल एसपी ने चोरी गए माल की कीमत 93 हजार 500 रुपए बताई है।

आसपास के व्यापारियों में चिंता

घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में हलचल मच गई। चोरी की खबर फैलते ही आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल बन गया। थाने से इतनी कम दूरी पर हुई वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एडिशनल एसपी ने बताया कि सोना-चांदी गलाने की दुकान में चोरी हुई है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। उन्होंने जल्द आरोपी को पकड़ने की बात कही है। फिलहाल पुलिस चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपी की पहचान में जुटी है।

Chhattisgarh