महिला-मित्र को घर लाने की बात पर विवाद के बाद गुस्से में आकर चाचा ने सब्जी काटने वाले चाकू से भतीजे पर किया हमला, मौत….आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर// बिलासपुर में भतीजा अपने महिला मित्र को घर लेकर पहुंच गया। जिसे लेकर देर रात चाचा और भतीजे के बीच कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर चाचा ने सब्जी काटने वाले चाकू से भतीजे के सीने पर वार कर दिया।

गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह की है।

सोने की बात पर विवाद, सीने पर किया वार

जानकारी के मुताबिक, लिंगियाडीह में देर रात घर के भीतर महिला मित्र के सोने को लेकर चाचा और भतीजे के बीच विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई। इसी दौरान चाचा ने सब्जी काटने वाले चाकू से भतीजे के सीने पर हमला कर दिया।

चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।

पुलिस ने आरोपी चाचा को किया गिरफ्तार

सरकंडा सीएसपी तिलेश्वर प्रसाद यादव ने बताया कि, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस विवाद के कारणों और घटना से जुड़े बाकी पहलुओं की जांच कर रही है।

Chhattisgarh