
- मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने फहराया तिरंगा
- शहीदों के परिजनों व उत्कृष्ट प्रतिभाओं का सम्मान
रायपुर (CITY HOT NEWS)//

जिले में 80वां राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, हर्षाेल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह नरहरदेव पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल परिसर में आयोजित हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने प्रातः 9 बजे राष्ट्रध्वज फहराकर परेड की सलामी ली और प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम संदेश का वाचन किया। इस अवसर पर पुलिस जवानों द्वारा हर्ष फायर किया गया तथा 12 प्लाटूनों द्वारा अनुशासित व आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया गया। मंत्री श्री वर्मा ने जिप्सी में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया, जहाँ उनके साथ कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर एवं एसपी श्री निखिल राखेचा मौजूद थे।
कार्यक्रम में विभिन्न मोर्चों पर प्राण न्योछावर करने वाले जिले के 107 शहीद जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, उत्कृष्ट सेवा देने वाले 104 शासकीय सेवकों, समाजसेवियों, नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।
समारोह के दौरान 22 स्कूलों के 1,000 विद्यार्थियों ने सामूहिक पी.टी. का प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में शासकीय कन्या आश्रम सिंगारभाट के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, मार्चपास्ट के गैर-शालेय वर्ग में शासकीय भानुप्रतापदेव महाविद्यालय एनसीसी की टीम प्रथम स्थान पर रही।
समारोह में विधायक श्री आशाराम नेताम, जनप्रतिनिधि, न्यायाधीशगण, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

