8-10 दिन में ही उखड़ने लगी लाखों की लागत से बनी सड़क, नाला निर्माण भी गुणवत्ता की भेंट चढ़ा..

8-10 दिन में ही उखड़ने लगी लाखों की लागत से बनी सड़क, नाला निर्माण भी गुणवत्ता की भेंट चढ़ा..

कोरबा – नगर पालिक निगम क्षेत्र के वासन गली और अमरैय्या पारा में सड़क डामरीकरण के गुणवत्‍ता और नाला निर्माण में की गई अनियमितता पर नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू एवं जिला कांग्रेस अध्‍यक्ष पार्षद मुकेश राठौर ने सवाल उठाए हैं । नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने कहा कि लाखों – करोड़ों की लागत से निगम क्षेत्र के विभिन्‍न सड़कों का डामरीकरण कर जीर्णोद्धार किया जा रहा है लेकिन बड़े  खेद के साथ कहना पड़ रहा है कि गुणवत्‍ताविहिन कार्य के कारण सड़क डामरीकरण महज 8 – 10 दिनों में ही जीर्ण शीर्ण हालत में पहले से भी बूरा हाल में पहुंच गये हैं । कई जगह सड़क की ऊपर परत उखड़कर गिट्टियां सड़कों पर बिखर गई है । 

नेता प्रतिपक्ष श्री साहू ने नगर निगम के अधिकारियों को फोन कर निर्माण स्‍थल पर बुलाकर कार्य का निरीक्षण किया और सड़क डामरीकरण के गुणवत्‍ताविहिन कार्य के जॉंच की मांग करते हुए दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई करने की मॉंग की, जिस पर निगम की ओर से उपस्थित कार्यपालन अभियंता रूचि साहू ने यथाशीघ्र जाँच उपरांत कार्रवाई किये जानें का आश्‍वासन दिया है ।  वहीं दूसरी ओर अमरैय्या पारा में निर्माणाधीन नाला का एक भाग उसी नाला में समा गया।                                                 

जिला कांग्रेस अध्‍यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि एक सप्‍ताह के भीतर सड़क की ऊपरी परत अपनी पकड़ छोड़ दे और गिट्टियां ऊपर उछलने लगे तो सवाल उठना लाजिमी है । लोगों का विरोध करना भी सही है । श्री राठौर ने कहा कि निगम के विभिन्‍न वार्डों में सड़क जीणोद्धार का काम कराने का दावा किया जा रहा है । कहीं – कहीं कार्य हो रहे हैं । हमारा एक ही सवाल है मात्र कुछ ही दिनों में सड़क कैसे उखड़ने लगी, नालियां टूट – टूट कर उसी नाला में बह गये आखिर क्‍यों और कैसे । इसके पहले भी निर्माण कार्यों की गुणवत्‍ता को लेकर हमने शिकायत किया है । विरोध भी किया है इसके बावजूद जिम्‍मेदार लोग अपनी जवाबदेही तय नहीं कर पा रहे,   अगर ऐसा ही चलता रहेगा और आम जनता के अधिकारों को नजरअंदाज किया जाता रहा तथा निर्माण कार्यों के नाम पर पैसों का दुरूपयोग किया जाता रहा तो कांग्रेस सभी विपक्षी पार्षदों के साथ मिलकर विरोध प्रदर्शन    करेगी ।

नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू एवं जिला अध्‍यक्ष मुकेश राठौर ने 10 दिवस के भीतर जॉंच और 15 दिवस के अंदर कार्रवाई किये जाने की मांग की है । इस अवसर पर पार्षद रविसिंह चंदेल, प्रेमलता अविनाश बंजारे,                डॉ. रामगोपाल कुर्रे, सुकसागर निर्मलकर ब्‍लॉक अध्‍यक्ष पालुराम साहू, कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्‍ठ के जिलाध्‍यक्ष गजानंद साहू, जिला पदाधिकारी संतोष यादव, मनहरण राठौर इंटक, जी डी महंत, जवाहर निर्मलकर, गणेश दास महंत, चालेश्‍वर राठौर, सुभद्रा सिंह, हिमांशु सिंह, संजू राठौर आदि भी उपस्थित थे । 

Chhattisgarh