कोरबा// कोरबा के सीतामढ़ी में नहर में बहे युवक का शव चौथे दिन शुक्रवार सुबह बरामद हुआ। युवक का शव सीतामणी नहर के साइफन में फंसा मिला।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
4 दिन पहले नहर में बह गया था युवक
जानकारी के अनुसार, सीतामढ़ी निवासी सतीश रजक 4 दिन पहले घर के पास नहर में बह गया था। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन उसने बच्चों को खाना खिलाया और खुद भी खाना खाया था। इसके बाद वह एक व्यक्ति के साथ घर से लगी नहर की तरफ गया था।
इसी दौरान सीतामणी बसोड़ मोहल्ले के सामने नहर में उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गया। साथ गए व्यक्ति ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

3 दिन तक चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने जिला नगर सेना के गोताखोरों की टीम को बुलाया। इसके बाद युवक की तलाश शुरू की गई।
पिछले तीन दिनों से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा था। हालांकि, नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण गोताखोरों को काफी परेशानी हुई। गुरुवार सुबह परिजनों ने कोतवाली थाना पहुंचकर पुलिस से युवक की तलाश तेज करने की गुहार भी लगाई थी।
पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया युवक
शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने नहर के साइफन में शव फंसा देखा। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।
बताया जा रहा है कि सतीश रजक हमाली का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। बच्चों की उम्र 11 साल और 3 साल है।
पुलिस कर रही घटना की जांच
कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक किन परिस्थितियों में नहर में बहा था।

