कांग्रेस दफ्तर से नल की टोंटी चोरी करने वाले 3 आरोपी पकड़ाए… नल उखाड़ने के बाद चोरों ने बाथरूम के फर्श पर लिखा ‘I Love You’…

अंबिकापुर// अंबिकापुर में कांग्रेस दफ्तर से नल की टोंटी चोरी करने वाले 3 आरोपी पकड़े गए हैं। 20 दिन पहले कलेक्टोरेट चौक स्थित राजीव भवन में 73 नलों की टोटियां गायब हो गई थी। नल उखाड़ने के बाद चोरों ने बाथरूम के फर्श पर ‘I Love You’ लिख दिया था।

थाने में शिकायत के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी थी। इसी बीच गुरुवार को युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष ने आरोपियों को पकड़ा और थाने ले गए।

बताया जा रहा है दफ्तर में लगी टोंटी हेवी क्वालिटी की थी, जिसकी कीमत लाखों में थी, लेकिन चोरों ने शराब पीने के लिए इसे कबाड़ में 600 में बेच दिया था। बाद में पुलिस ने टोंटी खरीदने वाले को भी पकड़ा है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

पहले देखिए ये तस्वीरें…

बेसिन में लगी नलों की टोटियां उखाड़कर ले गए थे चोर।

बेसिन में लगी नलों की टोटियां उखाड़कर ले गए थे चोर।

वारदात के बाद चोरों ने फर्श पर आई लव यू लिख दिया था।

वारदात के बाद चोरों ने फर्श पर आई लव यू लिख दिया था।

खरीदार कारोबारी समेत 3 आरोपी गिरफ्तार।

खरीदार कारोबारी समेत 3 आरोपी गिरफ्तार।

I Love You लिखने पर चर्चा का विषय बना

जानकारी के अनुसार, 14 मई की रात अज्ञात चोर राजीव भवन में घुस गए थे। चोरों ने दफ्तर के बाथरूम और वॉश बेसिन में लगे 73 नलों की टोटियां उखाड़ ली थीं। वारदात के दौरान चोरों ने फर्श पर ‘आई लव यू’ भी लिख दिया था, जिससे घटना और भी चर्चा का विषय बन गई थी।

पुलिस से पहले कांग्रेस ने पकड़े आरोपी

घटना की रिपोर्ट कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी। हालांकि कई दिनों तक पुलिस आरोपियों का पता नहीं लगा सकी। इसी बीच 4 जून की सुबह युवक कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष विकास केसरी ने चौपाटी क्षेत्र में 2 संदिग्ध युवकों को देखा।

शक होने पर उन्होंने दोनों से कांग्रेस कार्यालय में हुई चोरी के बारे में पूछताछ की। पहले तो दोनों ने घटना से इनकार किया, लेकिन बाद में भागने की कोशिश की तो विकास केसरी ने उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

आरोपियों में ये शामिल

  1. शिव दास (19)
  2. विष्णु यादव (19)
  3. श्याम अग्रवाल, व्यवसायी

पूछताछ में कबूला चोरी का जुर्म

पुलिस पूछताछ में दोनों ने कांग्रेस कार्यालय से नलों की टोटियां चोरी करना स्वीकार कर लिया है। आरोपियों ने बताया कि चोरी की गई टोटियां उन्होंने जयस्तंभ चौक निवासी व्यवसायी श्याम अग्रवाल को बेच दी थी। दोनों युवक पहले भी कांग्रेस कार्यालय के आसपास घूमते देखे जाते थे। जिसके कारण उन पर संदेह हुआ था।

चोरी का माल खरीदने वाला कारोबारी भी गिरफ्तार

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने नलों की टोटियां खरीदने वाले व्यवसायी श्याम अग्रवाल के खिलाफ भी मामला दर्ज किया। पूछताछ के बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की कार्रवाई की गई।

2 साल में तीसरी बार हुई चोरी

राजीव भवन में पिछले 2 साल में चोरी की यह तीसरी घटना है। इससे पहले हुई दो चोरी की घटनाओं के आरोपी अब तक नहीं पकड़े जा सके थे। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि, इस बार भी पुलिस ने शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया। जिस कारण जांच आगे नहीं बढ़ पाई।

Chhattisgarh