2 नाबालिगों ने हथियार लेकर युवक को धमकाया…सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो..

कोरबा/ कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र की एक बस्ती में दो नाबालिगों ने एक युवक को हथियारों से धमकाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लगभग 11 और 13 साल के ये नाबालिग युवक को धारदार हथियार और चाकू दिखाकर डराते हुए नजर आ रहे हैं।

वायरल वीडियो में एक नाबालिग के हाथ में धारदार हथियार और दूसरे के हाथ में चाकू साफ दिख रहा है। वे युवक को धमकी दे रहे थे कि उसे किसी बात का डर नहीं है और वह सीधे चाकू घोंप देगा। यह घटना युवक के साथ किसी पुराने विवाद को लेकर हुई बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों से बातचीत में पता चला है कि ये दोनों नाबालिग स्कूल नहीं जाते और अक्सर बस्ती में उत्पात मचाते रहते हैं। वे मारपीट और चोरी जैसी घटनाओं में भी संलिप्त पाए गए हैं। उनके परिजन भी उनकी हरकतों से परेशान हैं।

बस्ती में नाबालिगों के नाम से दहशत का माहौल

बस्ती में इन दोनों नाबालिगों के नाम से दहशत का माहौल है। लोगों को डर बना रहता है कि वे कभी किसी के साथ या किसी बच्चे के साथ कोई बड़ी घटना न कर दें। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इनमें से एक नाबालिग पहले भी चोरी के मामले में पकड़ा जा चुका है।

नाबालिगों को मुख्यधारा से जोड़ने की अपील

लोगों का कहना है कि इन नाबालिगों को पुलिस का कोई डर नहीं है, क्योंकि उन्हें पता है कि वे नाबालिग हैं और उन्हें ज्यादा कुछ नहीं होगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इन बच्चों के लिए कोई स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि उन्हें किसी संस्था से मुख्य धारा या शिक्षा से जोड़ा जा सके और उनका भविष्य उज्ज्वल हो सके।

बच्चों को सुधारने के लिए चलाए जाते हैं अभियान

बाल कल्याण समिति के सदस्य मनोज ठाकुर ने बताया कि नाबालिग बच्चों से संबंधित अपराध के कई मामले सामने आते हैं। समिति ऐसे मामलों में परिजनों और बच्चों को मुख्य धारा से जुड़ने और पढ़ाई-लिखाई करने के लिए समझाती है। अपराधों में संलिप्त न होने के लिए समय-समय पर जन जागरूकता अभियान भी चलाए जाते हैं।

खबरें और भी हैं…

Chhattisgarh